Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। X (पूर्व में ट्विटर) पर एक तीखे पोस्ट में उन्होंने बिहार को ‘क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया’ करार देते हुए कहा कि राज्य में हर गली में डर और हर घर में बेचैनी” का माहौल है। यह टिप्पणी उनके हाल के राजगीर दौरे के बाद आई है, जहां उन्होंने बिहार के बदलते चरित्र पर चिंता जताई थी।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल ने लिखा कि बिहार बना ‘क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया’ – बेरोजगार युवाओं को गुंडा राज हत्यारा बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं, जबकि BJP के मंत्री कमीशन कमा रहे हैं। उन्होंने बिहारवासियों से अपील करते हुए कहा कि अगले चुनाव सिर्फ सरकार बदलने के नहीं, बल्कि “बिहार को बचाने” के लिए होंगे।
राहुल गांधी ने अपने राजगीर भाषण में बिहार के ऐतिहासिक गौरव और वर्तमान हालात के बीच तीखा कंट्रास्ट खींचा था। उन्होंने कहा कि यह वही बिहार है जहां नालंदा विश्वविद्यालय में पूरी दुनिया से विद्यार्थी आते थे। आज स्थिति यह है कि बिहार से लोग पूरी दुनिया में पलायन कर रहे हैं। उनके अनुसार, राज्य की नई परिभाषा “भारत की अपराध राजधानी” बन चुकी है।
गोपाल खेमका हत्याकांड पर भी राहुल गांधी ने उठाए थे सवाल
इससे पहले पटना के व्यापारी गोपाल खेमका की सरेआम हत्या के मामले पर भी राहुल ने सरकार को घेरा था। उन्होंने इसे बिहार में बढ़ते अपराधिक तत्वों का प्रतीक बताया था। उनके अनुसार, लूट, गोलीकांड और हत्या अब बिहार का ‘नया नॉर्मल’ बन चुका है, जबकि सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।