Bihar Vidhan Sabha: बिहार विधानसभा में मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यमंत्रणा समिति का गठन किया गया है। इस समिति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्य के कई वरिष्ठ मंत्रियों और विपक्षी नेताओं को शामिल किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि वे स्वयं इस समिति के अध्यक्ष होंगे।
समिति में इन नेताओं को मिली जगह
कार्यमंत्रणा समिति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी तथा ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव को सदस्य बनाया गया है। विपक्ष की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस के शकील अहमद खान को भी इस समिति में स्थान दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, नरेन्द्र नारायण यादव, आलोक कुमार मेहता, महबूब आलम, सूर्यकांत पासवान, अजय कुमार और ज्योति देवी को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में समिति में शामिल किया गया है। वहीं, अमरेन्द्र प्रताप सिंह, दामोदर रावत, विजय शंकर दूबे, भूदेव चौधरी और ज्योति देवी को पीठासीन सदस्य बनाया गया है।
विधान परिषद में भी हुआ अध्यासी सदस्यों का मनोनयन
बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन के लिए चार सदस्यों को अध्यासी सदस्य के रूप में मनोनीत किया है। इनमें डॉ. संजीव कुमार सिंह, प्रो. नवल किशोर यादव, डॉ. मदन मोहन झा और महेश्वर सिंह शामिल हैं।
आपको बता दें कि कार्यमंत्रणा समिति विधानसभा की एक महत्वपूर्ण समिति होती है जो सदन की कार्यवाही के संचालन और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए एजेंडा तय करने में अहम भूमिका निभाती है। यह समिति सरकार और विपक्ष के बीच समन्वय स्थापित करने का काम भी करती है, ताकि विधानसभा सत्र के दौरान कार्यवाही बिना किसी बाधा के चल सके।






















