बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन विपक्षी विधायकों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर मोर्चा खोल दिया है। काला कपड़ा पहनकर आए विधायकों ने सत्ताधारी विधायकों को सदन में जाने से रोक दिया है और हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे हैं हालांकि सदन का दूसरा गेट खोला गया है और विधायकों को अंदर भेजा जा रहा है। इतना ही नहीं सदन के अंदर भी विपक्षी विधायक विधानसभा अध्यक्ष के सामने खूब हंगामा कर रहे हैं। स्पीकर नन्द किशोर यादव लगातार उन्हें समझा रहे हैं और शांत बैठने के लिए कह रहे हैं। विपक्षी सदस्य मेज भी पलटने लगे। अध्यक्ष ने कहा कि जनता आपकी यह सब करतूत देख रही है।

दरअसल, बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। विपक्ष के विधायक काला कपड़ा पहनकर सदन पहुंचे हैं और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का विरोध कर रहे हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन को लेकर करीब एक महीने से सियासत गरमाई हुई है। विपक्ष इसे बीजेपी और चुनाव आयोग की साजिश करार देकर इसे वापस लेने की मांग कर रहा है।
Bihar Assembly Monsoon Session: विपक्ष ने रोक दिया विधानसभा अध्यक्ष का रास्ता.. बुलाना पड़ा मार्शल

बिहार विधानसभा के बाहर पोर्टिको में काला कपड़ा पहनकर महागठबंधन की विधायक फिर के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष के हंगामे को देखते हुए सदन का दूसरा गेट खोला गया, जो अमूमन अन्य दिनों बंद रहता है। गेट सालों से बंद पड़ा था। गेट खोलने के लिए भारी मशक्त करनी पड़ी और छेनी हाथौड़े का इस्तेमाल करना पड़ा। विपक्ष के विधायकों ने विधानसभा के दूसरे गेट को भी बाधित करने की कोशिश की। आरजेडी विधायक मुकेश रौशन और कांग्रेस विधायक राजेश कुमार ने रास्ता रोकने की कोशिश की, जिन्हें मार्शल ने हटा दिया। इसी बीच सीएम नीतीश कुमार दूसरे रास्ते से विधानसभा पहुंचे।