Pakhi Hegde BJP join: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्य की राजनीति में फिल्मी सितारों की एंट्री का सिलसिला तेज होता दिख रहा है। भोजपुरी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस पाखी हेगड़े (Pakhi Hegde) की भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की चर्चा जोरों पर हैं। इन अटकलों को बल तब मिला जब उन्होंने हाल ही में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई और चर्चा शुरू हो गई कि पाखी हेगड़े जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकती हैं।

पाखी हेगड़े ने मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नेतृत्व क्षमता की सराहना की और उनके नेतृत्व में बिहार के भविष्य को मजबूत बताया। उनकी यह टिप्पणी राजनीतिक गलियारों में इस बात का संकेत मानी जा रही है कि वह भाजपा की ओर झुकाव रखती हैं। हालांकि, अभी तक उन्होंने अपनी तरफ से पार्टी जॉइन करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
यह पहली बार नहीं है जब पाखी का नाम भाजपा से जोड़ा जा रहा हो। इससे पहले भी कई बार वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपना समर्थन जता चुकी हैं। अक्सर भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकातें चर्चा का विषय बनती रही हैं, जिससे उनके राजनीति में उतरने की अटकलें और मजबूत होती रही हैं।
बिहार चुनाव 2025 में बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों का राजनीति की ओर बढ़ता रुझान साफ दिखाई दे रहा है। हाल ही में भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह ने भी आरा के पूर्व सांसद आरके सिंह से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की खबरें जोर पकड़ गई थीं। ऐसे में पाखी हेगड़े का नाम भी अगर भाजपा की संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट में जुड़ता है, तो पार्टी को भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के बीच बड़ा लाभ मिल सकता है।
पाखी हेगड़े की बात करें तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी सीरियल “मैं बनूंगी मिस इंडिया” से की थी। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी, हिंदी और मराठी फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया। शिक्षा और सादगी के लिए जानी जाने वाली पाखी का राजनीति में कदम रखना उनके करियर का नया अध्याय होगा। उनके आने से बिहार की राजनीति में ग्लैमर और स्टार पावर का नया तड़का लग सकता है।






















