Upendra Kushwaha Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों गरमाहट लगातार बढ़ रही है। राष्ट्रीय लोक जनता दल (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कोई मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री या मंत्री जेल से बैठकर शासन चलाने की कोशिश करता है, तो यह संविधान का मजाक उड़ाने जैसा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की परिस्थितियों को रोकने के लिए नया कानून लाया गया है ताकि जनता को यह संदेश जाए कि कानून और संविधान सर्वोपरि है।
उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर कोई व्यक्ति जेल में है और वहीं से मुख्यमंत्री के कर्तव्यों का निर्वहन करता है, तो यह हंसी की बात है। यह संविधान का अपमान है। नया कानून इसी वजह से लाया गया है। लेकिन इस कानून से डरने की जरूरत उन्हीं को है जिन्होंने गलत काम किया है। अगर कोई गलत काम नहीं करेगा, तो कार्रवाई का सवाल ही नहीं उठता।
इस दौरान जब उनसे राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह कानूनी प्रक्रिया के तहत हुआ है और अब उन्हें अदालत में उसका सामना करना होगा। उपेंद्र कुशवाहा का यह बयान सीधे तौर पर राजद और महागठबंधन पर राजनीतिक वार के रूप में देखा जा रहा है।






















