Anant Singh Viral Video: बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मोकामा के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार कारण है उनका सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो, जिसमें वह अपने बेटे को घुड़सवारी सिखाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में अनंत सिंह की गाड़ी पीछे चल रही है और उनका बेटा घोड़े पर सवार दिखाई देता है। खुद अनंत सिंह ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि “छोटे सरकार की निगरानी में घुड़सवारी करते लाडले”।
अनंत सिंह का घोड़ों से खास लगाव नया नहीं है। कई बार उन्हें घोड़े की सवारी करते देखा गया है। एक बार तो वे घोड़ा-बग्गी पर सवार होकर विधानसभा भी पहुंचे थे, जो लंबे समय तक सुर्खियों में रहा। उनका यह शौक अब उनके बेटे तक पहुंचता दिखाई दे रहा है।
सिर्फ घोड़े ही नहीं, बल्कि लग्जरी कारों के लिए भी अनंत सिंह का जुनून अक्सर चर्चा का विषय बनता है। हाल ही में अपने जन्मदिन पर उन्होंने लैंड क्रूजर जेडएक्स खरीदी थी, जिसकी कीमत लगभग 2.5 से 3 करोड़ बताई जाती है। इससे पहले भी उनके कलेक्शन में कई महंगी गाड़ियां शामिल रही हैं।
वीडियो वायरल होने के बीच राजनीतिक हलकों में अनंत सिंह की हालिया गतिविधियों पर भी चर्चा गर्म है। बेऊर जेल से बाहर आने के बाद उनकी मुलाकातें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। कुछ ही समय पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नए कयासों को जन्म दिया था। इस बैठक में दोनों के बीच करीब 15 मिनट बातचीत हुई थी। इसके अलावा मंत्री अशोक चौधरी का उनके घर पहुंचना भी चर्चाओं का कारण बना।
अनंत सिंह की राजनीतिक यात्रा भी उतार-चढ़ाव से भरी रही है। 2005 में जदयू उम्मीदवार के तौर पर राजनीति की पारी शुरू की और मोकामा से जीत हासिल की। 2010 में भी जेडीयू प्रत्याशी के रूप में उन्होंने जीत दर्ज की। 2015 में वे निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरे और फिर जीत गए। 2020 में जेल में रहते हुए भी वे राजद के टिकट पर चुनाव लड़े और विजयी हुए। हालांकि एके-47 मामले में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें 2022 में 10 साल की सजा सुनाई गई और उनकी विधायकी चली गई। उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीत दर्ज कर सीट बचाई।


















