बिहार की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। राहुल गांधी ने अपनी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि “वे वोट चुराकर चुनाव जीतते हैं और इसमें चुनाव आयोग भी उनकी मदद करता है।” राहुल गांधी के इस बयान के बाद एनडीए के नेताओं ने जोरदार प्रतिक्रिया दी है।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी मानसिकता देश में अव्यवस्था फैलाने की है। ललन सिंह ने सवाल किया कि जब गुजरात चुनाव के दौरान कांग्रेस की ही सरकार केंद्र में थी, तब नरेंद्र मोदी ने कैसे वोट चोरी की? उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाया कि ये लोग ऐसे व्यक्तियों को वोट का अधिकार देना चाहते हैं जो नागरिक ही नहीं हैं। ललन सिंह ने साथ ही लालू यादव और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार इनके खून में है, चारा घोटाला इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
Bihar Politics: पीएम मोदी को ‘वोट चोर’ कहने पर भड़की बीजेपी.. राहुल गांधी पर पटना में FIR
बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने राहुल गांधी की टिप्पणी को एक राजनीतिक भ्रम करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा वोट चोरी कर रही होती तो पूरे देश में सिर्फ भाजपा की ही सरकार बनती। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जनता ने लम्बे समय तक आपको मौका दिया, लेकिन आप अपने वोट को बचा नहीं पाए, और अब दूसरों पर आरोप मढ़ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने राहुल गांधी को करारा जवाब देते हुए कहा कि गुजरात मॉडल विकास और समृद्धि का प्रतीक है, जबकि कांग्रेस इसे ‘वोट चोरी मॉडल’ कहकर अपनी हार की हताशा दिखा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार अब लालू-राबड़ी के जंगलराज वाला बिहार नहीं है, बल्कि विकास की राह पर आगे बढ़ चुका है। सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार हुआ है और बिहार की जनता भ्रम में आने वाली नहीं है।
इसी कड़ी में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस को लोकतंत्र विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को याद रखना चाहिए कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र को कुचला था। बिहार की जनता सब जानती है और यहां कांग्रेस की राजनीति अब कोई मुद्दा नहीं बनने वाली।






















