बिहार की सियासत में इन दिनों बयानबाजी तेज़ हो गई है। उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर करारा पलटवार किया है। सम्राट चौधरी ने जहां अखिलेश यादव के कार्यकाल को परिवारवाद से घिरा हुआ बताया, वहीं राहुल गांधी की यात्रा को ‘गाली गलौज यात्रा’ करार देते हुए कहा कि इससे बिहार का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
सम्राट चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे मुख्यमंत्री थे, तब उनके ऊपर तीन “सुपर मुख्यमंत्री” काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव, राम गोपाल यादव और शिवपाल यादव ही असल में सत्ता चला रहे थे। चौधरी ने तंज कसा कि अब कुनबा और बड़ा हो गया है, ऐसे में अखिलेश यादव को जनता को यह बताना चाहिए कि क्या वे परिवार से बाहर किसी को मुख्यमंत्री बनाने की हिम्मत रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश को लूटने का काम किया है और परिवारवाद की राजनीति से बाहर निकलने का साहस नहीं दिखाया।
‘कांग्रेस कभी तेजस्वी यादव को सीएम नहीं बनाएगी..’ JDU नेताओं ने महागठबंधन पर साधा निशाना
इसी के साथ चौधरी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘गाली गलौज यात्रा’ कल समाप्त होने वाली है। वे यह बताएं कि उनके परिवार ने इस देश पर 55 साल शासन किया और दूसरे युवराज (तेजस्वी यादव) के माता-पिता ने 15 साल तक बिहार पर राज किया। चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी को बिहार में 24 घंटे बिजली देखकर जनता की जरूरतों पर चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय उन्होंने मंच से प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ अपशब्द कहकर लोकतंत्र का अपमान किया। उन्होंने इसे राजतंत्र की सोच बताया और कहा कि बिहार में सुशासन है, यहां जनता विकास चाहती है।
इस बीच बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में देश की प्रतिभा और उपलब्धियों की चर्चा करते हैं। जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में यूपीएससी परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि कई योग्य अभ्यर्थी अंतिम चरण में चयन से वंचित रह जाते हैं और ऐसे 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की बात की है।

जायसवाल ने कहा कि भारत को हर परिस्थिति में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग बढ़ाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि लोग विदेशी सामान के बजाय घरेलू उत्पादों को अपनाएं क्योंकि यही आत्मनिर्भर भारत का असली रास्ता है।






















