Bihar Congress Rajesh Ram: बिहार की राजनीति इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर गरमाई हुई है। महागठबंधन के मंच से आए इस बयान ने एनडीए को बड़ा चुनावी मुद्दा थमा दिया है। भाजपा ने इसे हर मां-बहन का अपमान बताते हुए 4 सितंबर को बिहार बंद का ऐलान किया है। इसी बीच बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि उनकी पार्टी गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित है और न केवल शारीरिक हिंसा बल्कि शब्दों की हिंसा के भी खिलाफ है।
Read Also: दुबई में सीवान का युवक लापता: एजेंट ने झाड़ा पल्ला, परिवार सरकार से गुहार लगाता रहा
राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी का समर्थन नहीं करती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आज कई माताएं अपने बेटों को खोज रही हैं और कई बेटे अपनी मांओं को। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “SIR” के दौरान कई लोग यह कह रहे हैं कि उनकी मां को कागज पर मार दिया गया है। ऐसे में उन भावनाओं को भी समझने की जरूरत है। उन्होंने इस बहस को एकतरफा बताने से बचते हुए कहा कि उनकी पार्टी शब्दों की मर्यादा में विश्वास करती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा केवल एक घटना को राजनीतिक हथियार बना रही है, जबकि उनके नेताओं पर भी कई बार असंसदीय टिप्पणियां की गई हैं। उन्होंने उदाहरण के तौर पर बताया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर भी अक्सर अपमानजनक टिप्पणियां की जाती रही हैं। ऐसे में यह दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।






















