बिहार चुनाव से पहले बड़ी खबर आ रही है। यहां जमुई में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंड़ाफोड़ हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बनाने का सामान और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार जमुई पुलिस को जिले में अवैध हथियार के निर्माण की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने सूचना के आधार पर पुलिस की दो टीम गठित की। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस से जानकारी एकत्रित की और फिर छापेमारी कर फैक्ट्री को सीज किया है।
ये चौथी बार है जब जमुई में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ। जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपियों के दिल्ली, गुजरात, यूपी और मुंबई समेत अन्य जगह संपर्क है। बिहार से अवैध हथियार बनाकर देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई होते हैं।
पुलिस के अनुसार ये फैक्ट्री झाझा थानाक्षेत्र इलाके के घोरिकवा गांव में पकड़ी गई है। देहात इलाके में आसानी से इस काम को जांच एजेंसियों की नजरों से छिपाया जा सकता है इसी लिए आरोपियों ने ये फैक्ट्री गांव में स्थापित की। ये शहर से हथियार बनाने का सामान लाते और यहां काम करते थे। फैक्ट्री में रात दिन काम होता था। पूछने पर आस पड़ोस के लोगों को आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर हर बार बहका देते थे।






















