सीतामढ़ी विधानसभा सीट (Sitamarhi Assembly Seat) ऐसा सीट हैं जहां लगभग सभी पार्टियों ने चुनाव लड़ा और जीता भी, सबसे पहले यहां सोशलिस्ट पार्टी के दामोदर झा ने चुनाव जीता। अब तक इस सीट पर हुए 15 चुनावों में पांच बार भाजपा, चार बार कांग्रेस, दो बार राजद, एक-एक बार जनता दल, सीपीआई, संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी और सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी इस सीट से जीते हैं। साल 1957 और 1962 में सीतामढ़ी उत्तर और दक्षिण नाम से दो सीटें थीं। 1957 में उत्तर सीट पर कांग्रेस के कुलदीप नारायण यादव और दक्षिण सीट पर प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के राम सेवक सरन जीते थे।
राजनीतिक इतिहास
साल 2003 से ही भाजपा के गढ़ के रूप में उभरी सीतामढ़ी विधानसभा सीट पर आरजेडी ने 2015 के विधानसभा चुनाव में सेंध लगा दी। 2015 के विधानसभा चुनाव में राजद के सुनील कुमार ने चार बार के भाजपा विधायक सुनील कुमार पिंटू को 14,722 वोटों से हराया था। सुनील कुमार 2003 के उप-चुनाव में पहली बार इस सीट से विधायक बने थे। उसके बाद फरवरी 2005, अक्टूबर 2005 और 2010 में भी पिंटू भाजपा के टिकट पर जीतकर यहां पटना विधानसभा पहुंचने में सफल रहे थे।
पिछले चुनाव के नतीजे
2020 में हुए विधानसभा चुनाव की बात करे तो भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश कुमार यहां से विधायक बने। मिथिलेश को कुल 90,236 (49.90%) वोट मिला। जबकि, दूसरे नंबर पर रहे राजद के सुनिल कुमार कुशवाहा को कुल 78,761 (43.55%) वोट मिला। इस सीट पर कुल 61.89% वोटिंग हुई।
Surasand Vidhansabha: कभी कांग्रेस का गढ़.. अब जेडीयू और राजद के बीच सियासी जंग
2015 में हुए विधानसभा चुनाव में सीतामढ़ी सीट पर राजद प्रत्याशी सुनील कुमार ने जीत दर्ज की, उन्हें कुल 81,557 (50%) वोट मिला। जबकि, दूसरे नंबर पर रहे। भाजपा के सुनील कुमार उर्फ पिंटू को इस चुनाव में 66,835 (41%) वोट मिला। 2015 में इस सीट पर कुल 63.49% वोटिंग हुई।
2010 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील कुमार उर्फ पिंटू ने जीत दर्ज की, उन्हें कुल 51,664 (44%) वोट मिला। इस सीट पर दूसरे नंबर पर रहे लोजपा के राघवेन्द्र कुमार सिंह को कुल 46,443 (39%) वोट मिला। 2010 में हुए इस चुनाव में बसपा के अमरनाथ गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।
जातीय समीकरण और जनसंख्या:
इस सीट पर मुस्लिम वोटरों की संख्या ज्यादा है, लेकिन ब्राह्मण-राजपूत और यादव वोटर निर्णायक भूमिका में हैं। सीतामढ़ी विधानसभा में अनुसूचित जाति मतदाताओं की संख्या लगभग 30,375 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 10.39% है। अनुसूचित जनजाति मतदाताओं की संख्या लगभग 88 है जो लगभग 0.03% है। मतदाता सूची विश्लेषण के अनुसार सीतामढ़ी विधानसभा में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 54,084 है जो लगभग 18.5% है। यहां ग्रामीण मतदाताओं की संख्या लगभग 217,709 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 74.47% है। वही, शहरी मतदाताओं की संख्या लगभग 74,694 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 25.55% है।






















