बिहारीगंज विधानसभा सीट BihariGanj Vidhansabha (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 71) बिहार की राजनीति में एक अहम पहचान रखती है। मधेपुरा जिले की यह सीट 2010 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई और तब से अब तक यह सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) का गढ़ बनी हुई है। पूर्णिया जिले की सीमा से सटी इस सीट का चुनावी इतिहास और सामाजिक समीकरण इसे खास बनाते हैं।
चुनावी इतिहास
वर्तमान में यहां जेडीयू के निरंजन कुमार मेहता विधायक हैं, जिन्होंने लगातार तीन बार इस सीट पर जीत का परचम लहराया। 2010 और 2015 में उन्होंने मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को मात दी, जबकि 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार सुभाषिनी बुंदेला को 18,711 वोटों से हराकर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। उस चुनाव में जेडीयू को 43.63% वोट मिले, जबकि कांग्रेस 33.61% मतों के साथ दूसरे स्थान पर रही। लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) तीसरे स्थान पर रही, लेकिन वह मुकाबले से बहुत दूर थी।
जातीय समीकरण
बिहारीगंज विधानसभा का जातीय समीकरण चुनावी नतीजों में निर्णायक भूमिका निभाता है। यादव और मुस्लिम मतदाता यहां का सबसे बड़ा वोट बैंक हैं। यही कारण है कि हर दल का चुनावी एजेंडा इन्हीं समुदायों को साधने पर केंद्रित रहता है। इसके अलावा राजपूत, ब्राह्मण, कोइरी, कुर्मी, रविदास और पासवान समुदाय की संख्या भी महत्वपूर्ण है। कुल 2,84,140 मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 51.85% और महिलाओं की भागीदारी 48.15% है।
आलमनगर विधानसभा: जेडीयू के किले पर क्या इस बार होगी सेंध?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निरंजन कुमार मेहता की लगातार जीत का बड़ा कारण जेडीयू का संगठनात्मक ढांचा और नीतीश कुमार की साख है। हालांकि, कांग्रेस और आरजेडी जैसे विपक्षी दल 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर यहां अपनी रणनीति नए सिरे से बनाने में जुटे हैं। सुभाषिनी बुंदेला जैसी उम्मीदवार पहले ही यहां कांग्रेस को मजबूत आधार दिलाने की कोशिश कर चुकी हैं। वहीं, यादव-मुस्लिम समीकरण को देखते हुए आरजेडी भी इस सीट पर अपनी पैठ बनाने की हरसंभव कोशिश करेगी।
बिहारीगंज सीट का महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह सीमांचल और कोसी क्षेत्र की राजनीति की धड़कन मानी जाती है। यहां का जनादेश न सिर्फ जिले की राजनीति बल्कि बिहार की सत्ता समीकरण को भी प्रभावित करता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या जेडीयू अपने गढ़ को बचा पाएगी या विपक्ष 2025 में कोई बड़ा उलटफेर करने में सफल होगा।






















