Bhagalpur Yuva Shankhnaad: भागलपुर का टाउन हॉल शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यक्रम “युवा शंखनाद” का गवाह बना। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर विशेष तौर पर शामिल हुए। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भारतेन्दु मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में भागलपुर समेत आसपास जिलों से हजारों कार्यकर्ता जुटे। ढोल-नगाड़ों और रोड शो के बीच नेताओं का स्वागत हुआ और माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया।

अनुराग ठाकुर और विजय सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के युवराज और लालू यादव के “जंगलराज” की बिहार में अब कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस बिहार को कभी “बिमारू राज्य” कहा जाता था, वह आज एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकासशील राज्य बन चुका है। ठाकुर ने भावुक अंदाज में कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता का अपमान करते हैं, उन्हें बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने इसे बिहार की संस्कृति और संस्कारों पर हमला करार दिया और दावा किया कि जनता चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।

महिलाओं और बेटियों के मुद्दे पर भी अनुराग ठाकुर ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू शासन के दौरान बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं थी। उन्होंने कहा कि अब जब विपक्ष के नेता प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता तक को अपमानित कर रहे हैं, तो यह बिहार के लिए गहरा आघात है। ठाकुर ने कहा कि यह बिहार की परंपरा नहीं है और जनता इसका प्रतिकार वोट से करेगी।
तेजस्वी का वार: बिहार में अपराध बेलगाम, सरकार भ्रष्टाचार में लथपथ, सम्राट चौधरी और डबल इंजन को घेरा
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवाओं से आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है और बीजेपी की सरकार उसी विश्वास पर आगे बढ़ रही है।
वहीं, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की “वोट अधिकार यात्रा” पर तंज कसते हुए ठाकुर ने कहा कि नीतीश सरकार की बदौलत यह यात्रा 16 दिनों में पूरी हो सकी। अगर राजद की सरकार होती तो खराब सड़कों के कारण यही यात्रा चार महीने में भी पूरी नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास की गंगा बह रही है और यह एनडीए सरकार की उपलब्धि है।






















