दरभंगा जिले की जाले विधानसभा सीट Jale Vidhan Sabha (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 87) बिहार की राजनीति में हमेशा से चर्चित रही है। इस सीट का चुनावी इतिहास बताता है कि यहां की राजनीतिक हवा अक्सर राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के लिए चुनौतीपूर्ण रही है। कभी कांग्रेस और भाकपा का प्रभाव रहने वाली यह सीट अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मजबूत गढ़ मानी जाती है। 2010 से लगातार बीजेपी इस सीट पर अपना वर्चस्व बनाए हुए है।
चुनावी इतिहास
1990 में कांग्रेस उम्मीदवार विजय कुमार मिश्रा ने जीत हासिल की थी, जबकि 1995 में भाकपा के अब्दुल सलाम विजयी हुए। इसके बाद 2005 में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राम कृष्ण यादव ने सीट पर कब्जा जमाया। लेकिन 2010 से हालात पूरी तरह बदल गए और बीजेपी लगातार इस सीट पर जीत दर्ज कर रही है।
Bahadurpur Vidhansabha: दरभंगा की सियासत का सबसे दिलचस्प समीकरण
2010 के चुनाव में बीजेपी के विजय कुमार मिश्रा ने आरजेडी प्रत्याशी राम निवास को हराया। इसके बाद 2015 और 2020 में पार्टी ने जीवेश कुमार मिश्र पर भरोसा जताया, और दोनों बार वे विजयी रहे। 2020 के चुनाव में जीवेश कुमार मिश्र ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मश्कुर अहमद उस्मानी को 21,796 वोटों के बड़े अंतर से मात दी। इस चुनाव में बीजेपी को 51.66 फीसदी वोट मिले, जबकि कांग्रेस 38.78 फीसदी वोटों पर सिमट गई। खास बात यह रही कि कई दलों की तुलना में यहां नोटा को भी 3,573 वोट हासिल हुए।
जातीय समीकरण
जाले विधानसभा सीट पर जातीय समीकरण हमेशा निर्णायक भूमिका निभाते हैं। यहां मुस्लिम, यादव, भूमिहार, ब्राह्मण, रविदास और पासवान मतदाता जीत-हार का गणित तय करते हैं। कुल 2,85,757 मतदाताओं में पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है, जिससे राजनीतिक दलों के लिए संतुलन साधना आसान नहीं होता।
बीजेपी फिलहाल यहां मजबूत स्थिति में है, लेकिन बदलते राजनीतिक समीकरण और विपक्षी दलों की रणनीति 2025 के विधानसभा चुनाव में तस्वीर बदल सकती है। मुस्लिम और यादव वोट बैंक आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन के लिए अहम हैं, वहीं भूमिहार और ब्राह्मण मतदाता बीजेपी के कोर वोटर माने जाते हैं। दलित वर्ग (रविदास और पासवान) भी इस सीट पर जीत की चाबी बन सकते हैं।
जाले विधानसभा का इतिहास बताता है कि यहां जनता बदलाव करने से पीछे नहीं हटती। ऐसे में 2025 का चुनाव जातीय समीकरण और स्थानीय मुद्दों के आधार पर काफी दिलचस्प हो सकता है।






















