Tejashwi Yadav Bihar Adhikar Yatra 2025: बिहार की राजनीति में इस समय विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ ने नई हलचल मचा दी है। मंगलवार से जहानाबाद से इसकी शुरुआत हो रही है और 20 सितंबर को वैशाली में इसका समापन होगा। यह यात्रा न केवल एक राजनीतिक अभियान है, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और राज्य तथा केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने का भी मंच बनेगी।
तेजस्वी यादव इस यात्रा में जहानाबाद, नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर और उजियारपुर होते हुए वैशाली पहुंचेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आम लोगों से सीधे रूबरू होंगे और बताएंगे कि किस तरह मतदाता सूची में गड़बड़ी कर वोटों की ‘चोरी’ की जा रही है। राजद का आरोप है कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग से मिलकर मताधिकार को प्रभावित कर रही है।
मुकेश सहनी का बयान, जीवेश मिश्रा ने यूट्यूबर की पिटाई कर लोकतंत्र पर हमला किया
यात्रा के केंद्र में महंगाई, बेरोजगारी और राज्य के विकास से जुड़े सवाल रहेंगे। तेजस्वी यादव लोगों को यह भी समझाने की कोशिश करेंगे कि महागठबंधन की सरकार बनने पर जनता को क्या-क्या लाभ मिलेगा। यही नहीं, केंद्र द्वारा राज्य के साथ की जा रही ‘हकमारी’ का मुद्दा भी वे जोर-शोर से उठाएंगे।
जहानाबाद में यात्रा का पहला बड़ा पड़ाव गांधी मैदान होगा, जहां विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। यहां तेजस्वी यादव महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुटता का संदेश देंगे। सभा की सफलता के लिए राजद कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण इलाकों तक जनसंपर्क अभियान चलाया है।






















