शारदीय नवरात्रि (Sharadiya Navratri 2025) का आज पहला दिन है और बिहार समेत पूरे देश में इस अवसर पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही दुर्गा मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। माता के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर देवी के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना कर रहे हैं। इस पावन पर्व पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर कई बड़े नेताओं ने प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मां दुर्गा शक्ति की अधिष्ठात्री देवी हैं, जिनकी उपासना से भक्तों में ऊर्जा और करुणा का संचार होता है। उन्होंने राज्य की जनता के लिए शांति, सुख और समृद्धि की कामना करते हुए लिखा कि नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होती है, जो समाज को सद्भाव और कल्याण का संदेश देती है।
आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी इस मौके पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा से आशीर्वाद लेकर सतत श्रम, साहस और आस्था के साथ प्रयास करते रहें, तो हर कोई अपने लक्ष्य तक पहुंच सकता है। उनके मुताबिक नवरात्रि का यह पर्व बिहार और पूरे देश में प्रगति, शांति और समृद्धि लेकर आएगा।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नवरात्रि को आस्था, शक्ति और भक्ति का पर्व बताया। उन्होंने प्रार्थना की कि जगत जननी मां दुर्गा सभी के जीवन में सुख और शांति का संचार करें।
जीएसटी सुधार पर नीतीश कुमार का बयान.. आम आदमी को बड़ी राहत, बिहार को मिलेगा खास फायदा
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री का स्मरण करते हुए देशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा ने लिखा कि यह पर्व सभी के जीवन में समृद्धि, आरोग्य और खुशियां लेकर आए।
















