Bihar Mahila Rojgar Yojana: बिहार में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत आज राज्य की लगभग 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली से जुड़ेंगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ऑनलाइन मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर पूरे बिहार से लाखों महिलाएं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी लाइव शामिल होंगे।
ग्रामीण विकास विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस योजना के लिए अब तक 1.11 करोड़ से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है। इनमें से केवल ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 1 करोड़ 7 लाख ‘जीविका दीदियों’ ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इसके अलावा 1 लाख 40 हजार से अधिक महिलाओं ने नए स्वयं सहायता समूहों में शामिल होने की इच्छा जताई है। शहरी क्षेत्रों से भी लगभग 4 लाख 66 हजार महिलाओं ने इस योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
राज्य सरकार ने कार्यक्रम को उत्सव का रूप देने की पूरी तैयारी की है। 38 जिला मुख्यालयों में जिला पदाधिकारियों की अध्यक्षता में समारोह होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी हिस्सा लेंगे। हर जिले में कम से कम एक हजार स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहेंगी। इसी तरह, 534 प्रखंड मुख्यालयों में बीडीओ की अध्यक्षता में विशेष कार्यक्रम होंगे, जहां करीब 500 महिलाएं एकत्र होंगी।
योजना का प्रभाव व्यापक है। जीविका के 1,680 संकुल स्तरीय संघों में प्रत्येक स्थान पर 200 महिलाएं शामिल होंगी। ग्राम संगठन स्तर पर लगभग 70 हजार स्थानों पर प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव प्रसारित किया जाएगा। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।




















