कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी शुक्रवार को पटना पहुंचीं, जहां उन्होंने सदाकत आश्रम में करीब 2000 महिलाओं के साथ सीधे संवाद की शुरुआत की। इस संवाद का नाम ‘शक्ति अधिकार’ रखा गया है, जो कांग्रेस की ओर से महिलाओं को केंद्र में रखकर बिहार में नई सियासी जमीन तैयार करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। इसमें घरेलू कामगार, मनरेगा मजदूर, जीविका समूह की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर और पेशेवर महिलाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं ने प्रियंका से अपनी समस्याओं को साझा करने की बात कही। इस दौरान कई महिलाओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाकर कांग्रेस के इस आयोजन को और ज्यादा सुर्खियों में ला दिया।
कैमूर में बीजेपी को बड़ा झटका: दो पूर्व विधायक RJD में शामिल.. तेजस्वी यादव देंगे टिकट ?
पटना में संवाद के बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी के गांधी मैदान में “हर घर अधिकार” रैली को संबोधित करेंगी। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस रैली में 20 हजार से ज्यादा महिलाएं मौजूद रहेंगी। आयोजन स्थल को भव्य तरीके से तैयार किया गया है, जिसमें तीन झूमर वाले विशाल पंडाल और 40 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं।

प्रियंका गांधी दोपहर 2 बजे हेलिकॉप्टर से मोतिहारी पुलिस लाइन पहुंचेंगी और वहां से बंद गाड़ी में सभा स्थल पर आएंगी। इस मंच पर प्रियंका के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और पार्टी के सांसद भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस इस आयोजन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने महिला एजेंडे की मजबूत शुरुआत के रूप में प्रचारित कर रही है।






















