Tejashwi Yadav Emotional Statement: राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपनी बहन रोहिणी आचार्य को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसने न सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं बल्कि आम जनता के दिल को भी छू लिया। तेजस्वी ने कहा कि उनकी बहन का योगदान केवल पारिवारिक दायरे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पार्टी और समाज के लिए भी उनके त्याग और सेवा का महत्व असाधारण है।
तेजस्वी यादव ने याद दिलाया कि जब उनके पिता लालू प्रसाद यादव गंभीर रूप से बीमार थे, तब रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी दान करके एक ऐसा उदाहरण पेश किया जो आज के समय में बहुत कम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह त्याग सिर्फ रिश्तों की मजबूती ही नहीं बल्कि नि:स्वार्थ सेवा की मिसाल है। तेजस्वी ने कहा, “रोहिणी दीदी ने हमें पाला है, उनके स्नेह और त्याग को भुलाया नहीं जा सकता। राजनीति में पद या टिकट की उनकी कभी कोई इच्छा नहीं रही। उनका जीवन बलिदान और सेवा के लिए समर्पित रहा है।”
प्रियंका गांधी पहुंची पटना.. सदाकत आश्रम में महिलाओं के साथ करेंगी संवाद
तेजस्वी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर बैठे कुछ लोग रोहिणी आचार्य को लेकर अनर्गल बातें कर रहे हैं, लेकिन ऐसे लोगों की सोच बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह चर्चा करना बिल्कुल भी काबिल-ए-कबूल नहीं है।
राजद नेता ने स्पष्ट किया कि छपरा के लोगों की मांग पर ही लालू यादव ने रोहिणी आचार्य को टिकट दिया था और आज वे वहां की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए लगातार काम कर रही हैं। तेजस्वी के मुताबिक, पार्टी को मजबूत करने और संगठन को मजबूती देने में उनकी बहन की अहम भूमिका है। तेजस्वी ने यह भी दोहराया कि राजद का असली फोकस बिहार के विकास पर है। उन्होंने कहा कि परिवार और पार्टी दोनों की प्रतिबद्धता जनता के प्रति समर्पण और राज्य को प्रगति की ओर ले जाने में झलकती है।






















