बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) की तारीखों का ऐलान किसी भी समय हो सकता है और इसी बीच केंद्र की मोदी सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3% की बढ़ोतरी की है। इस फैसले का फायदा करीब 49 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को होगा। नई दरें 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होंगी। अब डीए 55% से बढ़कर 58% हो गया है। अक्टूबर की सैलरी के साथ कर्मचारियों को तीन महीने का बकाया एरियर भी मिलेगा। त्योहारों के मौसम में यह फैसला कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला साबित होगा।
बिहार के 19 जिलों में खुलेंगे केंद्रीय विद्यालय.. विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार की बड़ी सौगात
सिर्फ डीए ही नहीं, बल्कि सरकार ने 2024-25 के लिए नॉन-प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (Non-PLB) को भी मंजूरी दी है। यह बोनस 30 दिन के वेतन के बराबर होगा, जिसकी अधिकतम सीमा 6,908 रुपये तय की गई है। इसका लाभ ग्रुप ‘C’ और गैर-गजटेड ग्रुप ‘B’ कर्मचारियों के साथ-साथ सशस्त्र बलों, अर्द्धसैनिक बलों और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारियों को भी मिलेगा, बशर्ते कि उन्हें किसी अन्य प्रकार का बोनस न मिला हो। अस्थायी कर्मचारी और डेली वेज मजदूर भी पात्र होंगे, यदि उन्होंने न्यूनतम सेवा अवधि पूरी की है।
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 3 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे कैबिनेट की विशेष बैठक बुलाई है। इसे चुनावी वर्ष की “अंतिम बड़ी बैठक” कहा जा रहा है, जिसमें कई जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित विकास कार्यों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। नीतीश कुमार कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगायेंगे जिससे बिहार के सरकारी कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके। आचार संहिता लागू होने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य की जनता को और भी कई सौगात दे सकते हैं।






















