JDU MLA Joined RJD: बिहार की राजनीति में एक और भूचाल आ गया है। जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक डॉ. संजीव ने शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल होकर सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए के लिए एक बड़ा झटका दिया है। हजारों लोगों की मौजूदगी वाले एक विशाल रैली कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने स्वयं डॉ. संजीव को पार्टी की सदस्यता दिलाई। डॉ. संजीव ने जेडीयू छोड़ने के पीछे के कारणों पर पर्दा उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अपने आसपास मंडरा रहे “गिद्धों के गिरोह” से घिर चुके हैं।
डॉ. संजीव ने सीधे तौर पर कहा कि नीतीश कुमार एक अच्छे इंसान हैं, लेकिन उनके आसपास मौजूद कुछ लोगों के कारण अब पार्टी में एक अच्छे इंसान के लिए सर्वाइव करना नामुमकिन हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो चुका है और महज दो-तीन मंत्री तथा कुछ पदाधिकारी, जिनका अपना कोई जनाधार नहीं है, सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे सच बोलने की सजा देने के लिए एक विधायक के अपहरण का फर्जी एफआईआर तक कराया गया।
भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने जेडीयू सरकार पर जमकर हमला बोला। डॉ. संजीव ने दावा किया कि बिहार सरकार में इतना भ्रष्टाचार हो रहा है, हमें नहीं लगता कि पहले कभी हुआ होगा। नीतीश जी का पहले का कार्यक्रम बहुत अच्छा था, लेकिन पिछले 5 साल दुर्भाग्यपूर्ण रहे हैं। उन्होंने इसे ‘एज रिलेटेड इशू’ बताते हुए कहा कि इसका फायदा कुछ ‘गिद्ध’ एक सिंडिकेट बनाकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। उन्होंने सुल्तानगंज पुल के गिरने, ननमत खास जमीन मामले और टोपोलैंड घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी वह सरकार की खामियां उठाते थे, तो इन लोगों के “पेट में दर्द” होने लगता था।
तेजस्वी यादव पर विश्वास जताते हुए डॉ. संजीव ने कहा कि वह युवा हैं और मुख्यमंत्री बनेंगे तो दशा और दिशा बदलेगी। उन्होंने एनडीए की ‘लड़की बचाओ, लड़की पढ़ाओ’ योजना को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि यह पार्शियलिटी है और वोट खरीदने का काम है। उनका दावा था, “इस बार जनता परिवर्तन के मूड में है।
भूमिहार समुदाय को लेकर भी उन्होंने जेडीयू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी श्रीकृष्ण सिंह (श्री बाबू) को इसलिए भारत रत्न नहीं दिलवा पाई क्योंकि वह भूमिहार समुदाय से आते थे। उन्होंने कहा कि भूमिहारों को टेकन फॉर ग्रांटेड समझा जाता है, मानो वे बंधुआ मजदूर हों। इस बार वे एनडीए के साथ नहीं रहेंगे।
भविष्य के चुनावी समीकरण पर अपनी भविष्यवाणी देते हुए डॉ. संजीव ने कहा कि जेडीयू का टिकट इस बार महाविकट है। जदयू 25 से 30 सीटों पर सिमट जाएगी, इससे ज्यादा नहीं। पार्टी अब दूसरों के हाथों में चली गई है, उन लोगों के हाथों में जिनका अपना कोई जनाधार नहीं है। उन्होंने 110% विश्वास जताया कि अगले चुनाव में तेजस्वी यादव ही बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और महागठबंधन में सब कुछ ठीक रहेगा।






















