Pawan Singh Facebook Post: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और राजनेता पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनकी पत्नी ज्योति सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पवन सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक लंबा और स्पष्ट पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने जनता के प्रति अपने सम्मान को सबसे बड़ा बताया और कहा कि उनके लिए जनता भगवान के समान है।
पवन सिंह ने बताया कि ज्योति सिंह खुद उनके सोसाइटी में आई थीं। उन्होंने बताया कि उन्हें बड़े आदर और सम्मान के साथ घर बुलाया गया और करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। बातचीत के दौरान ज्योति सिंह बार-बार चुनाव लड़वाने की इच्छा जाहिर कर रही थीं, लेकिन पवन सिंह ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय उनके हाथ में नहीं था।
इसके साथ ही पवन सिंह ने पुलिस की मौजूदगी पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस उन्होंने नहीं बुलाई थी, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से पहले से ही वहां थी ताकि किसी तरह की अनहोनी या विवाद से बचा जा सके।
सोशल मीडिया पर पवन सिंह के इस पोस्ट ने नई बहस को जन्म दे दिया है। कुछ लोग उनका स्पष्टीकरण सही मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स सवाल कर रहे हैं कि यह विवाद क्यों बढ़ा और क्या यह स्टार की राजनीति में कदम रखने से जुड़ा कोई अंदरूनी मामला है।
विवाद का समय भी ध्यान खींच रहा है। ज्योति सिंह ने 5 दिन पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने आरोप रखे थे। इसके पांच दिन बाद पवन सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ी। अब यह देखना बाकी है कि पवन सिंह के स्पष्टीकरण के बाद ज्योति सिंह की तरफ से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।





















