बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी बयानबाजी अपने चरम पर पहुंच गई है। जेडीयू सांसद संजय झा, मंत्री अशोक चौधरी और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने एक स्वर में कहा है कि NDA पूरी तरह एकजुट है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। इन नेताओं ने दावा किया कि इस बार जनता विकास और स्थिरता के नाम पर NDA के साथ खड़ी है।
संजय झा ने कहा कि बिहार चुनाव का असली मुद्दा सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि यह है कि “सरकार बनने के 25 साल बाद बिहार कहां खड़ा होगा।” उन्होंने कहा कि जब 1991 में देश में उदारीकरण की शुरुआत हुई थी, तब बिहार उस रफ्तार से नहीं चल पाया। “जब बाकी राज्यों में उद्योग लग रहे थे, तब बिहार में अपहरण उद्योग फल-फूल रहा था। लेकिन जब नीतीश कुमार ने बागडोर संभाली, तो बिहार ने 20 सालों में उड़ान भरने की स्थिति हासिल की,” उन्होंने कहा।
संजय झा ने नीतीश सरकार के कामों की चर्चा करते हुए कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण जैसे मोर्चों पर बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है। “जो बिहार कभी नकारात्मक उदाहरणों से जाना जाता था, अब वह सुशासन और विकास की मिसाल बन रहा है,” झा ने कहा।
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि NDA 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने तेजस्वी यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा, “जब विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तब वे झूठे आरोपों का सहारा लेते हैं। नीतीश कुमार के खिलाफ कुछ नहीं है, इसलिए विपक्ष सिर्फ हवा में बातें कर रहा है।”
प्रशांत किशोर बोले- बिहार चुनाव 2025 बदलाव की शुरुआत.. दो फेज़ में वोटिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता
इस बीच, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने भी दावा किया कि बिहार की जनता NDA के साथ है। उन्होंने कहा, “बिहार के लोग चुनाव की तारीख का इंतजार कर रहे थे। अब वे नीतीश कुमार और NDA नेताओं के विकास कार्यों को देखते हुए फिर से सत्ता में लाने के लिए तैयार हैं।” ठाकुर ने बताया कि इस बार 14 लाख नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे और उनमें से अधिकतर युवा नीतीश सरकार के काम से प्रभावित हैं।
रामनाथ ठाकुर ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि “तेजस्वी बौखलाहट में बयान दे रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता एकतरफा नीतीश कुमार के साथ खड़ी है।” उन्होंने कहा कि NDA की एकजुटता और नीतीश कुमार का सुशासन मॉडल इस बार भी बिहार में स्थिर सरकार सुनिश्चित करेगा।
संजय झा ने इस मौके पर मुख्य न्यायाधीश BR गवई पर हमले के प्रयास की भी निंदा की। उन्होंने कहा, “कानून के रक्षक पर हमला करना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है, इसकी सख्त निंदा होनी चाहिए।”






















