Surendra Yadav Arms Act: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजद के लिए एक नया राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है। जहानाबाद के सांसद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगी डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले ने न केवल सांसद के राजनीतिक करियर को चुनौती दी है, बल्कि चुनावी मैदान में राजद की रणनीति को भी प्रभावित करने की संभावना बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, गया जिले के डीएम शशांक शुभंकर के निर्देश पर आर्म्स मजिस्ट्रेट ने वरीय पुलिस अधीक्षक को प्रतिवेदन सौंपा। इसके बाद शेरघाटी थाना में सांसद के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर में सांसद का व्यक्तिगत विवरण दर्ज किया गया है, जिसमें उनके पिता का नाम, पता और थाना क्षेत्र शामिल है।
अधिकारियों का दावा है कि सुरेंद्र यादव ने तीन अलग-अलग लाइसेंस पर कुल पांच हथियार रखे थे, जबकि वर्तमान में उनके तीनों लाइसेंसों पर चार हथियार मौजूद हैं। इसके अलावा उन्होंने पता बदलकर गया जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक-एक लाइसेंस लिया था, जिसे प्रशासन गैरकानूनी मान रहा है। इनके हथियारों में एनपी बोर पिस्टल, दोनाली बंदूक और रिवॉल्वर शामिल हैं। शेरघाटी थाना कांड संख्या 423/25 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 25(1-ब) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।






















