कांग्रेस ने सदाकत आश्रम, पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पार्टी की स्थिति साफ की। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बिहार चुनाव सिर्फ राज्य का ही नहीं बल्कि देश की दिशा तय करेगा। उन्होंने नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हर बार बिहार में सरकार पाला बदलती रही है और जनता को वादा किए गए विकास कार्य पूरे नहीं हुए।
गहलोत ने यह भी कहा कि बिहार में डीसीएम और मंत्रियों पर खुलकर आरोप लग रहे हैं, जो पहले कभी देखने में नहीं आया। उन्होंने “20 साल विनाशकाल” नामक पुस्तक जारी की, जिसमें नीतीश सरकार की विभिन्न नाकामियों और भ्रष्टाचार से जुड़े तथ्य शामिल हैं। गहलोत ने बताया कि बिहार में उद्योगपतियों की हत्या, रोजगार का अभाव, और 3 करोड़ लोगों के पलायन जैसी घटनाएं राज्य की स्थिति को गंभीर बना रही हैं।
20 साल-विनाश काल.. NDA के खिलाफ कांग्रेस का आरोप पत्र जारी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने कहा कि बिहार, भगवान बुद्ध और महावीर की ज्ञान भूमि है, लेकिन वर्तमान सरकार ने जनता के लिए बनाए गए नियम और योजनाओं को नकारा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, बंद हुए उद्योग और बढ़ते गुंडाराज ने जनता की चिंता और नाराजगी बढ़ा दी है। महिलाओं को सरकारी योजनाओं के तहत ₹10,000 देने का निर्णय केवल चुनावी प्रलोभन है, जबकि वास्तविक विकास और सुरक्षा की कमी नजर आती है।
जयराम रमेश ने महागठबंधन की ओर से स्पष्ट किया कि बिहार की जनता के पास अब दो रास्ते हैं। पहला रास्ता, जो जनता की भलाई, सामाजिक न्याय और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए है, वह महागठबंधन का रास्ता है। दूसरा रास्ता, जिसे वर्तमान सरकार “डबल इंजन” कहती है, विकास और पारदर्शिता से रहित है। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी हफ्ते गठबंधन का घोषणा पत्र जारी किया जाएगा, जो बिहार की जनता के सामने उनके विकास एजेंडे और आरोप पत्र के आधार पर विकल्प रखेगा।
जन सुराज में टिकट बंटवारे पर घमासान.. नेताओं ने किया हंगामा, मीटिंग से PK गायब
महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा जारी है। कांग्रेस ने अब तक 25 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का नाम तय कर लिया है, जिससे पार्टी ने राजद पर दबाव बढ़ाया है और संकेत दिया है कि यदि शर्तों पर सहमति नहीं बनी तो कांग्रेस पहले चरण की सीटों पर एकतरफा उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। राजेश राम ने बताया कि सीट शेयरिंग पर सभी विषयों पर चर्चा चल रही है और अंतिम निर्णय जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।






















