बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के पहले चरण के नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही राज्य की सियासत अब पूरी तरह से प्रचार मोड में आ चुकी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), जनता दल यूनाइटेड (JDU) समेत सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। वहीं, अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 21 अक्टूबर से बिहार में जनता दल यूनाइटेड के चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करने जा रहे हैं।
मुकेश सहनी को बड़ा झटका.. VIP से भाजपा में शामिल हुए बड़े नेता, NDA को जिताने का संकल्प
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने चुनावी अभियान की शुरुआत मुजफ्फरपुर जिले से करेंगे, जहां वह एक ही दिन में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे। दिवाली के अगले दिन आयोजित होने वाली इन सभाओं को लेकर तैयारी जोरों पर है। पहली सभा मीनापुर विधानसभा क्षेत्र के हाईस्कूल खेल मैदान में दोपहर 12 बजे शुरू होगी, जहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनकी दूसरी सभा कांटी विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 2 बजे निर्धारित है।
जदयू के सूत्रों का कहना है कि इन सभाओं के जरिए मुख्यमंत्री राज्य के विकास कार्यों, सुशासन के मॉडल और एनडीए की एकजुटता का संदेश जनता तक पहुंचाएंगे। यह सभाएं आगामी चरणों में पार्टी के प्रचार की गति और रणनीति की रूपरेखा तय करने में भी महत्वपूर्ण साबित होंगी।






















