बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियों के बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एक बार फिर सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने महागठबंधन पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन केवल स्वार्थ और परिवारवाद पर टिका है, और हाल ही में सामने आए वीडियो से इसकी पोल खुल चुकी है। राय ने स्पष्ट कहा, “मेरा मामला नहीं है, लेकिन जो दृश्य और वीडियो सामने आया है, उससे साफ पता चल रहा है कि वहां क्या हो रहा है। स्वार्थ की राजनीति करने वाले कभी विकास नहीं कर सकते।”
बक्सर सांसद सुधाकर सिंह बोले- महागठबंधन में नहीं कोई खटपट.. NDA में मचा है घमासान
मंत्री नित्यानंद राय ने पटना में आयोजित एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिहार की जनता पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “देश की जनता ने पहले ही मन बना लिया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का सफर जारी रहना चाहिए। अब बिहार की जनता ने भी मोदी जी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर विश्वास जताया है। एनडीए की सरकार बनने जा रही है, और यह 200 से अधिक सीटों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल करेगी।
राय ने महागठबंधन (आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों) पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि यह गठबंधन भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति का प्रतीक है। उन्होंने हाल के दिनों में सामने आए कुछ वीडियो का जिक्र किया, जिनमें विपक्षी नेताओं के बीच आंतरिक कलह और सीट बंटवारे को लेकर विवाद दिखाया गया है। “ये लोग घबरा चुके हैं। बिहार का माहौल एनडीए के पक्ष में है, और जनता ने इन्हें नकार दिया है,” उन्होंने जोर देकर कहा।






















