बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लेकिन कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि गठबंधन के भीतर सब कुछ नियंत्रण में है और जल्द ही सभी असमंजस खत्म हो जाएंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार चुनाव पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा कि “तमाम काम बहुत अच्छे से चल रहे हैं। एक-दो दिन में जो भी भ्रम है, वह पूरी तरह दूर हो जाएगा।”
गहलोत ने माना कि बिहार की 243 सीटों में से कुछ सीटों पर “फ्रेंडली फाइट” की स्थिति बन सकती है, लेकिन इसे किसी बड़े विवाद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि “कभी-कभी कार्यकर्ताओं में उत्साह होता है, स्थानीय परिस्थितियों के चलते ऐसी स्थितियां आती हैं। इसे महागठबंधन की कमजोरी नहीं बल्कि लोकतांत्रिक जोश के रूप में देखना चाहिए।”
महागठबंधन में CM Face को लेकर पप्पू यादव ने कह दी ये बात.. तेजस्वी यादव नहीं, राहुल गांधी ?
इस बीच बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने भी राज्य की चुनावी फाइट को लेकर साफ रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि “बिहार में फाइट 243 सीटों पर है, और यह फाइट सीधे तौर पर भाजपा और जदयू के खिलाफ है। यह सिर्फ सत्ता की लड़ाई नहीं बल्कि बिहार की जनता और उनके बच्चों के भविष्य की लड़ाई है।”
अल्लावरु ने कहा कि महागठबंधन एकजुट है और कांग्रेस समेत सभी दल पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि महागठबंधन का मकसद सिर्फ सरकार बनाना नहीं बल्कि बिहार की दिशा बदलना है। “यह चुनाव जनता के हक, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय की पुनर्स्थापना का चुनाव है।”






















