बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी अपने चरम पर है। उपमुख्यमंत्री और तारापुर से भाजपा प्रत्याशी सम्राट चौधरी ने राजद और तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने 15 साल बिहार को लूटा, अब वे फिर से सपनों की झूठी दुनिया दिखा रहे हैं। तेजस्वी यादव के 2.70 करोड़ लोगों को नौकरी देने के वादे पर हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि “जिनके परिवार ने एक लाख लोगों को भी सरकारी नौकरी नहीं दी, वो अब करोड़ों नौकरियों का झूठा सपना दिखा रहे हैं। बिहार की जनता अब सब जान चुकी है।”
उन्होंने कहा कि “लालू-राबड़ी राज” के दौरान न केवल भ्रष्टाचार फैला, बल्कि कानून-व्यवस्था की स्थिति भी पूरी तरह चरमरा गई थी। अब जब राज्य विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तो वही लोग सत्ता में लौटने के लिए अवास्तविक वादों की फेहरिस्त लेकर सामने आ गए हैं। सम्राट चौधरी ने दावा किया कि “बिहार की जनता अब उस दौर में लौटना नहीं चाहती जब अपराध और जातीय हिंसा सामान्य बात थी। आज एनडीए सरकार ने हर वर्ग को सशक्त बनाया है, चाहे वो किसान हों, युवा हों या महिलाएं।”
चिराग पासवान का महागठबंधन पर तंज.. ‘जो अपने दलों को नहीं संभाल सके, वो बिहार को क्या संभालेंगे
वहीं, बिहार के मंत्री और बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार नितिन नबीन ने भी तेजस्वी यादव पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “तेजस्वी यादव पिछले हफ्ते तक गायब थे, अब अचानक घोषणाओं की झड़ी लगाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।” नबीन ने आगे कहा कि “राजद शासन में महिलाएं घर से बाहर निकलने में डरती थीं, जबकि नीतीश कुमार सरकार के कार्यकाल में आज जीविका समूह की लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।”
नितिन नबीन ने तेजस्वी के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “आज बिहार में 80 लाख से अधिक महिला समूह आत्मनिर्भरता का प्रतीक हैं। ये वो महिलाएं हैं, जिन्होंने नीतीश कुमार के प्रयासों से अपनी पहचान बनाई है। अगर आज महिलाएं 10 हजार की राशि की चर्चा कर रही हैं, तो ये इस सरकार की दूरदर्शिता का परिणाम है, जिसने उनकी आर्थिक आज़ादी को प्राथमिकता दी।”






















