बिहार में लोकसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi Attack on Modi-Nitish) ने मंगलवार को औरंगाबाद, वजीरगंज और कुटुम्बा में कई जनसभाएं कीं। अपने भाषणों में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की सरकार अब दिल्ली से चलती है, और नीतीश कुमार महज “ऑर्डर एक्सीक्यूटर” बन चुके हैं।
हम प्रत्याशी दीपा मांझी की प्रचार गाड़ी में विदेशी शराब.. वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल
राहुल गांधी ने औरंगाबाद की रैली में कहा, “कैसे हैं आप लोग, मूड कैसा है आपका? नीतीश जी को हटाने का प्लान है आपका? काम जारी है?” — भीड़ से संवाद करते हुए राहुल ने कहा, “20 साल से नीतीश जी सरकार चला रहे हैं, लेकिन अब ये सरकार चल नहीं रही है। बिहार की सरकार अब मोदी जी के ऑर्डर पर चलती है। मोदी जी के पास अडाणी-अंबानी के लिए जमीन है, लेकिन बिहार के गरीब, किसान और नौजवान के लिए नहीं।”
मोदी पर ‘छठ स्नान’ का तंज
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर छठ पूजा के बहाने नाटकीयता रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मोदी जी छठ पूजा के समय यमुना में स्नान करने वाले थे। उनके लिए साफ पानी का पाइप लगाया गया था, एक स्पेशल तालाब बनाया गया था। लेकिन जैसे ही मीडिया ने यह दिखा दिया कि साफ पानी का पाइप लगाया गया है, मोदी जी ने यमुना में नहाने से मना कर दिया। यमुना के गंदे पानी में मोदी जी नहीं नहाएंगे, लेकिन जनता उसी पानी में नहाएगी और वही पानी पिएगी।”
‘वोट चोरी’ का आरोप – संविधान पर हमला बताया
वजीरगंज की सभा में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब अंबेडकर जी ने हमें संविधान दिया जिसमें हर नागरिक को एक वोट का अधिकार है, लेकिन मोदी-शाह और चुनाव आयोग मिलकर ‘वोट चोरी’ कर रहे हैं। यह संविधान पर सीधा हमला है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा और छत्तीसगढ़ की सरकारें “चोरी” कीं और अब बिहार की सरकार चुराने की साजिश रच रही है। राहुल गांधी ने जनता से अपील की — “हमें मजबूती से खड़ा रहना है और संविधान की रक्षा करनी है। मोदी जी ने वोट चोरी कर जंगलराज लागू किया है।”
‘महागठबंधन की सरकार जनता की होगी’
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है, जो हर वर्ग, हर जाति और हर धर्म की आवाज बनेगी। उन्होंने कहा, “महागठबंधन की सरकार में महिलाओं, किसानों, मजदूरों और युवाओं की भागीदारी होगी। यह सरकार बिहार के हर कोने से उठने वाली आवाज की सरकार होगी।”
बिहार को बनाया ‘देश का मजदूर’
कुटुम्बा में राहुल गांधी ने नीतीश सरकार पर रोजगार खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “बिहार के लोग पूरे देश में मजदूरी कर रहे हैं। वे दिल्ली, मुंबई, सूरत, हैदराबाद तक इमारतें, सड़कें और फैक्ट्रियां बनाते हैं। यानी नीतीश कुमार ने बिहार से रोजगार मिटा दिया और बिहारियों को देश का मजदूर बना दिया।”
त्रिवेणीगंज में नीतीश कुमार का विकास मंत्र.. बोले- पांच साल में एक करोड़ युवाओं को देंगे रोजगार
उन्होंने कहा कि देश की 500 बड़ी कंपनियों की सूची में दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े और आदिवासी समुदाय के लोग नहीं मिलते, और यह असमानता भाजपा की नीतियों का परिणाम है। राहुल गांधी ने कहा, “अगर देश के 90% लोगों को विकास में शामिल नहीं किया गया तो सारा धन केवल 2-3 लोगों के हाथों में सिमट जाएगा। कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई जनता के साथ मिलकर लड़ी, जबकि BJP और RSS सिर्फ 2-3 लोगों के राज की सोच रखते हैं।”






















