कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र (Chainpur Mahagathbandhan Rally) में शुक्रवार को हाई स्कूल हाटा के मैदान में महागठबंधन की विशाल संयुक्त जनसभा ने चुनावी माहौल को नया रुख दे दिया। भीड़ से भरे मैदान में मंच पर एकजुट दिखे महागठबंधन के दिग्गज नेता—वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह—ने संयुक्त रूप से बाल गोविंद बिंद के समर्थन में वोट की अपील की। इस जनसभा ने स्पष्ट संकेत दिया कि चैनपुर में मुकाबला अब पूरी तरह महागठबंधन बनाम एनडीए की दिशा में सिमट गया है।
मुकेश सहनी ने मंच से कहा कि “चैनपुर से महागठबंधन का अधिकृत उम्मीदवार बाल गोविंद बिंद हैं, और जल्द ही तेजस्वी यादव भी उनके समर्थन में प्रचार करने पहुंचेंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो कोई अन्य व्यक्ति अपने आप को गठबंधन का उम्मीदवार बता रहा है, उसका महागठबंधन से कोई संबंध नहीं है। यह बयान साफ करता है कि महागठबंधन अपने प्रत्याशी को लेकर किसी भी भ्रम को दूर करना चाहता है।
बिहार चुनाव 2025: मोदी, शाह और योगी का महागठबंधन पर प्रहार.. ‘जंगलराज’ बनाम ‘सुशासन’ की जंग तेज
सभा में उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साहनी ने कहा, “बिहार में इस बार बदलाव की लहर चल रही है, जनता अब महागठबंधन की सरकार बनाने के लिए तैयार है।” उन्होंने ऐलान किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो यह बिहार के इतिहास में पहली बार होगा जब किसी दलित मल्लाह के बेटे को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। साहनी ने कहा कि उनकी सरकार हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी देगी, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली और मात्र ₹500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा उन्होंने पेंशन में वृद्धि और आम जनता के जीवन स्तर में सुधार का भरोसा दिलाया। उन्होंने मंच से भावुक अपील करते हुए कहा—“सूरज पूरब से पश्चिम उग सकता है, लेकिन बाल गोविंद बिंद को चुनाव लड़ने से कोई नहीं रोक सकता।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन वास्तविकता यह है कि आय नहीं बढ़ी, खर्च जरूर दोगुना हो गया।” सिंह ने यह भी कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट खुद साबित करती है कि बिहार में अपराध के मामले बढ़े हैं, जबकि भाजपा सरकार दूसरों पर ‘जंगलराज’ का आरोप लगाती है। उन्होंने मुकेश सहनी की तारीफ करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद साहनी ने गठबंधन का साथ नहीं छोड़ा, और यही उन्हें जनता का सच्चा नेता बनाता है।






















