उत्तर प्रदेश में 25 मार्च को योगी आदित्यनाथ ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भाजपा के तमाम वरीय नेता पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। मगर, मोदी सिर्फ शपथ ग्रहण के लिए नहीं आए थे। इसका अंदाजा आप उनके ठेठ बनारसी अंदाज से लगा सकते हैं। गले में गमछा, वो भी बनारसी स्टाइल में, जो बहुत कुछ कहता है।
सफेद कुर्ता-पायजामा और लाल गमछे में आए नजर
नरेंद्र मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा और लाल गमछा पहन रखा था। मंच पर पीएम के पहुंचते ही पूरा इकाना स्टेडियम नारों और तालियों से गूंज उठा। लोगों को उनका बनारसी अंदाज खूब पसंद आया। बता दें मोदी दो बार बनारसी से सांसद रह चुके हैं। आज उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में अपनी जीत के लिए बनारसी ठेठ अंदाज की नींव रख दी। बिना कोई राजनीति बयान दिए मोदी ने सिर्फ अपने पहनावे से बनारस की जनता को बड़ा संदेश दे दिया।
उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भी दिखा था यह अंदाज
नरेंद्र मोदी का इससे पहले उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में भी यह अंदाज दिखा था। हाल में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने उत्तराखंडी टोपी पहनी थी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भी मोदी ने दाढ़ी छोड़कर रविंद्रनाथ ठाकुर का लुक बना लिया था।