Patna News: पटना की सड़कों पर अब बेफिक्र होकर थूकना आसान नहीं रहने वाला। बिहार की राजधानी को साफ, सुंदर और रहने लायक शहर बनाने की दिशा में पटना नगर निगम ने ऐसा कदम उठाया है, जिसने शहरवासियों का ध्यान खींच लिया है। अब सार्वजनिक जगहों पर पान, गुटखा या किसी भी तरह का तंबाकू खाकर थूकने वालों को सिर्फ जुर्माना ही नहीं देना होगा, बल्कि उनकी पहचान भी सार्वजनिक की जाएगी। यानी नियम तोड़ते ही व्यक्ति ‘फेमस’ हो जाएगा, वो भी गलत वजह से।
नगर निगम का यह फैसला केवल सख्ती नहीं, बल्कि व्यवहार बदलने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। निगम मानता है कि जुर्माना भर देने के बाद लोग दोबारा वही गलती कर देते हैं, लेकिन जब किसी की तस्वीर शहर की बड़ी डिजिटल स्क्रीन पर दिखाई जाएगी, तो समाज में एक नैतिक दबाव बनेगा और लोग खुद ही सतर्क होंगे।
पटना नगर निगम ने साफ कर दिया है कि खुले में थूकते पकड़े जाने पर 500 रुपये का तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति की तस्वीर शहर में लगे वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले यानी VMD स्क्रीन पर चलाई जाएगी। नगर निगम ने ऐसे लोगों को एक नई श्रेणी में रखने का फैसला किया है, जिसे नाम दिया गया है ‘नगर शत्रु’। यानी जो शहर को गंदा करेगा, उसे शहर का दुश्मन माना जाएगा।
इस पूरे अभियान की कमान पटना स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के हाथ में होगी। नगर आयुक्त सह पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर के मुताबिक, शहर की सुंदरता और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि पटना के करीब 415 प्रमुख स्थानों पर 3300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो 24 घंटे निगरानी करते हैं। ये कैमरे गांधी मैदान स्थित कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं और इन्हीं के जरिए थूकने या गंदगी फैलाने वालों की पहचान की जाएगी।
नगर निगम का मानना है कि शहर में कई ऐसे इलाके बन चुके हैं, जो लगातार थूकने और गंदगी की वजह से ‘रेड स्पॉट’ में तब्दील हो गए हैं। ये रेड स्पॉट न सिर्फ शहर की खूबसूरती को खराब करते हैं, बल्कि स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग पर भी असर डालते हैं। इसी कारण अब सिर्फ अपील नहीं, बल्कि सख्त कार्रवाई का रास्ता चुना गया है।
यह अभियान केवल थूकने तक सीमित नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने वालों के खिलाफ भी नगर निगम की प्रवर्तन टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। हाल ही में एक विशेष अभियान के दौरान पटना जंक्शन से मल्टी-मोडल हब को जोड़ने वाले अंडरग्राउंड सब-वे में थूकते पाए गए करीब 250 लोगों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। निगम का कहना है कि आगे यह अभियान और तेज किया जाएगा।






















