बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी (Pappu Yadav Arrest) के बाद प्रदेश की राजनीति में तीखी हलचल तेज हो गई है। पटना के एक हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले ने न सिर्फ आम लोगों को झकझोर दिया, बल्कि जांच प्रक्रिया और प्रशासनिक रवैये पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संवेदनशील केस में आवाज उठाने पर एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की गिरफ्तारी ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर बोले राहुल गांधी- सिस्टम की गहरी सड़ांध..
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर सरकार के रवैये पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि छात्रा के साथ हुआ अपराध बेहद भयावह है, लेकिन उससे भी अधिक डरावना सरकार का व्यवहार है। एफआईआर दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक हर चरण पर संदेह की परतें नजर आती हैं। उनका सवाल सीधा था कि आखिर यह ढिलाई और अस्पष्टता किसे बचाने के लिए दिखाई दे रही है। प्रियंका गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम को महिला सुरक्षा के नाम पर किए जा रहे दावों के विपरीत बताया और कहा कि जब-जब महिलाओं के साथ जघन्य अपराध होते हैं, सत्ता में बैठी सरकारें पीड़िता के बजाय आरोपियों के इर्द-गिर्द खड़ी नजर आती हैं।

इस बयान में प्रियंका गांधी ने हाथरस, उन्नाव, अंकिता भंडारी और पटना जैसे मामलों का संदर्भ देकर यह संकेत दिया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए महिला उत्पीड़न के मामलों में सत्ता की संवेदनशीलता बार-बार कटघरे में खड़ी होती रही है। उनके अनुसार पप्पू यादव की गिरफ्तारी उसी रवैये की अगली कड़ी है, जिसमें न्याय की मांग करने वालों को ही कठघरे में खड़ा कर दिया जाता है।

दूसरी ओर, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे शर्मनाक और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि सरकार यदि बेटियों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने में विफल रही है तो कम से कम उन आवाज़ों को कुचलने का प्रयास नहीं होना चाहिए जो पीड़ितों के हक में खड़ी हैं। उनका यह बयान राजनीतिक विरोध के साथ-साथ प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े करता है। राजेश राम ने यह भी संकेत दिया कि सरकार पर दबाव बनाने वाली आवाज़ों को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और इससे न्याय की लड़ाई कमजोर नहीं बल्कि और तेज होगी।






















