केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने हाजीपुर सर्किट हाउस में आयोजित बजट चर्चा के दौरान केंद्र सरकार के नए बजट को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बजट सिर्फ वर्तमान जरूरतों को नहीं बल्कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। चिराग पासवान ने इसे ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताते हुए दावा किया कि इसमें देश के हर वर्ग को शामिल करने की कोशिश की गई है और आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस आधार तैयार किया गया है। उनके इस बयान को बिहार की राजनीति और राष्ट्रीय स्तर पर चल रही बजट बहस के बीच अहम माना जा रहा है।

चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी वित्त मंत्री ने लोकसभा में नौवीं बार बजट पेश किया है, जो आर्थिक निरंतरता और नीतिगत स्थिरता का संकेत देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल अल्पकालिक लाभ नहीं बल्कि दीर्घकालिक विकास है, जिससे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेजी मिलेगी। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इसे चुनावी बजट कहना राजनीतिक बयानबाजी है, जबकि वास्तविकता यह है कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार, कृषि और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों को संतुलित तरीके से शामिल किया गया है।
31 साल पुराने केस में गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव पर नया मुकदमा.. 20 समर्थकों पर भी FIR
राजनीतिक सवालों के बीच निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर भी चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी सांसद की गिरफ्तारी एक प्रक्रिया के तहत होती है और बिना तथ्यों के ऐसी कार्रवाई संभव नहीं है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जरूरी है और अगर कोई निर्दोष है तो उसे न्याय मिलेगा, वहीं यदि कोई दोषी है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सत्ता में रहते हुए बदले की राजनीति करते रहे हैं, जबकि एनडीए सरकार कानून के आधार पर कार्रवाई में विश्वास करती है।






















