बिहार में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और बलात्कार तथा अन्य अपराधों की बढ़ती घटनाओं को लेकर महागठबंधन ने आज विधान परिषद के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के नेतृत्व में महागठबंधन के विधायकों ने हाथों में पोस्टर लिए सरकार पर तीखा हमला बोला।
पप्पू यादव गिरफ्तारी पर RLM विधायक बोले: कोर्ट का मामला, मांझी बड़े नेता लेकिन राजनीति अलग!
प्रदर्शन के दौरान महागठबंधन के विधायकों ने नारे लगाए और सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। विपक्ष ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की भी मांग की, क्योंकि गृह विभाग उनके पास है और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी उन्हीं पर आती है।प्रदर्शन के बाद सम्राट चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है। उन्होंने राबड़ी देवी से चुनौती दी कि अगर उनके पास किसी मंत्री या उनके बेटे के शामिल होने का सबूत है, तो नाम सार्वजनिक करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि नाम सामने आने पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की जाएगी, चाहे अपराधी कहीं भी छिपा हो। चौधरी ने कहा कि बिहार पुलिस अपराधियों को किसी भी जगह से ढूंढकर जेल भेजेगी और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। बिहार में लगातार हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राबड़ी देवी ने कहा कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय को रोकने में नाकाम है। उन्होंने विशेष रूप से एक हालिया मामले का जिक्र करते हुए दावा किया कि ऐसे मामलों में रसूखदार लोग या उनके परिजन शामिल होते हैं, और जांच को CBI को सौंपकर सरकार लीपापोती कर रही है।






















