[Team insider] मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को अपर पुलिस महानिदेशक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा, सुमन गुप्ता ने मुलाकात कर मुख्यमंत्री को ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ का बैच लगाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग के कार्यों की सराहना की तथा अग्निकांडो से बचाव के तौर-तरीकों के लिए आम लोगों को जागरूक करने पर बल दिया। विदित हो कि 14 अप्रैल 2022 से 20 अप्रैल 2022 तक राज्य में ‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है।
66 अग्निशमन कर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे
अग्निशमन दिवस अथवा राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को मनाया जाता है। 14 अप्रैल, 1944 को मुम्बई बंदरगाह में फोर्टस्टीकेन नामक मालवाहक जहाज जिसमें रूई की गांठें, विस्फोटक एवं युद्ध उपकरण भरे हुए थे, में अकस्मात आग लग गयी थी। आग को बुझाते समय जहाज में विस्फोटक सामग्री होने के कारण 66 अग्निशमन कर्मी आग की चपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हुए थे। इन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने व अग्नि से बचाव के उपाय बताने के लिए देशभर में यह दिवस मनाया जाता है।