मध्य प्रदेश के खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने विवादित बयान दिया है। अपने नाम के आगे सिंह लगाने को लेकर मंत्री ने रतलाम के पिपलौदा में शनिवार को मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि राजा-महाराजा दारू पीकर पड़े रहते थे। जंगल में हमने शेर मारे, इसलिए हमारे नाम के आगे सिंह लगा है। मंत्री सिंह के बयान का वीडियो सोमवार को वायरल होने के बाद क्षत्रिय राजपूत डॉक्टर्स ऑर्गेनाइजेशन ने इस पर नाराजगी जाहिर की है। वहीं उनके इस बयान के बाद अब क्षत्रिय राजपूत डॉक्टर्स ऑर्गेनाइजेशन बिहार इकाई सेक्रेटरी डॉ. सुनील कुमार सिंह की नाराजगी निकलकर सामने आ रही है। डॉ. सुनील ने मंत्री से माफी मांगने की मांग की है।
बिहार में 5 बागियों पर BJP की नजर, पांचवे ने CM नीतीश की नाक में कर दिया है दम
डॉ. सुनील ने कहा है कि मध्य प्रदेश के मंत्री बिसाहूलाल सिंह लगातार विवादास्पद व उल जलूल बयान देने के आदी हो गए हैं। ऐसा लग रहा है खुद भाजपा ने अपने नेताओं व मंत्रियों को विभिन्न समाजों के अपमान करने की जवाबदारी दे रखी है। क्षत्रिय राजपूत डॉक्टर्स ऑर्गेनाइजेशन ने चेतावनी दी है कि अगर मंत्री ने माफी नहीं मांगी तो आंदोलन अन्य शहरों में भी किया जाएगा। क्षत्रिय राजपूत डॉक्टर्स ऑर्गेनाइजेशन बिहार इकाई प्रेसिडेंट डॉ. विजय शंकर सिंह ने उनको मंत्री पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय राजपूत डॉक्टर्स ऑर्गेनाइजेशन उनके इस बयान पर चुप नहीं बैठेगी और जब तक इस बयान पर भाजपा माफी नहीं मांग लेती व मंत्री पर कार्यवाही नहीं हो जाती है, तब तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। पद्मश्री डॉ. जेके सिंह ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में राजा- महाराजा का योगदान रहा। राजा- महाराजा पर इस तरह के विवादित बयान देना कदापि उचित नहीं है।