Atique Ahmed Ashraf Shot Dead: माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को प्रयागराज में गोली मारकर ह’त्या कर दी गई। कॉल्विन हस्पताल ले जाए जाने के दौरान यह घटना घटी। धूमनगंज थाना क्षेत्र में हुई इस घटना यूपी से लेकर देश की राजनीति में सनसनी मचा दी है। दिन में प्रयागराज असद अहमद के एनकाउंटर के बाद उसके जनाजे को लेकर तनाव के माहौल में था। अब अतीक और अशरफ की हत्या ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है।
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की ह’त्या
पहले ही बताया था जान का खतरा
अतीक और अशरफ की जान खतरे में है, यह अंदेशा दोनों ने पहले ही जताया था। दूसरी ओर उमेश पाल हत्याकांड में दोनों भाइयों पर साजिश रचने का आरोप लगा था। फेसटाइम और वॉट्सएप के जरिए हत्या की प्लानिंग रचे जाने की बात सामने आई। पुलिस पुख्ता प्रमाण जुटाने के लिए लगातार विभिन्न ठिकानों पर ले जाकर छापेमारी कर रही थी। दोनों की पुलिस रिमांड अवधि रविवार को खत्म होने वाली थी। सोमवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाना था। हालांकि, इसी बीच ये बड़ी घटना घट गई।
दो माह में ऐसे बदला प्रयागराज में पूरा माहौल
- 24 फरवरी: उमेश पाल की सुलेमसराय के जीटी रोड पर कार से उतरने के दौरान हत्या कर दी गई। हत्यारों को माफिया अतीक अहमद का तीसरा बेटा असद लीड कर रहा था। घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर असद अहमद, अतीक, अशरफ, शाइस्ता परवीन समेत 11 लोगों पर केस दर्ज कराया गया।
- 24 फरवरी: अतीक अहमद के दो नाबालिग बेटों को पुलिस ने उठाया। उन्हें रिमांड होम में रखा गया है। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन को पूछताछ के लिए बुलाया गया। फिर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। दो दिन बाद शाइस्ता फरार हो गई। शाइस्ता पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया है।
- 24 फरवरी: उमेश पाल मर्डर के बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आए। इसमें पुलिस ने हत्या में शामिल पांच लोगों की पहचान की। हमलावरों में असद अहमद, विजय चौधरी उर्फ उस्मान, ड्राइवर अरबाज, गुलाम मोहम्मद और गुड्डू मुस्लिम शामिल थे।
- 27 फरवरी: उमेश पाल मर्डर केस में पहला एनकाउंटर हुआ। असद के ड्राइवर अरबाज को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया।
- 6 मार्च: उमेश पाल मर्डर केस में दूसरा एनकाउंटर हुआ। प्रयागराज में विजय चौधरी उर्फ उस्मान को मार गिराया गया।
- 13 अप्रैल: झांसी के परीछा इलाके में पुलिस ने उमेश पाल मर्डर केस में तीसरा एनकाउंटर किया। मुख्य आरोपी असद अहमद और गुलाम मोहम्मद को मार गिराया गया।
- 15 अप्रैल: असद अहमद के पार्थिव शरीर को प्रयागराज लाया गया। यहां पर कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पार्थिव शरीर को दफनाया गया। गुलाम के शव को उसके ससुराल में दफनाया गया।
11 को लाया गया था अतीक
गुजरात के साबरमती जेल से अतीक अहमद को 11 अप्रैल को लाया गया। उसे लेकर पुलिस की टीम 12 अप्रैल की शाम 5:56 मिनट पर प्रयागराज के नैनी जेल पहुंची थी। 16 दिनों के भीतर दूसरी बार अतीक को प्रयागराज लाया गया था। 12 अप्रैल को ही बरेली जेल से पुलिस की टीम अशरफ को लेकर बरेल जेल से प्रयागराज पहुंची थी। अतीक और अशरफ को 13 अप्रैल को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। यूपी पुलिस की ओर से उमेश पाल मर्डर केस में पूछताछ के आधार पर सबूतों को जुटाने के लिए दोनों की 14 दिनों की रिमांड की मांग की गई। हालांकि, कोर्ट ने 4 दिनों की रिमांड मंजूर की। रिमांड अवधि रविवार को खत्म होने वाली थी। इसलिए, पुलिस की टीम लगातार दोनों को लेकर विभिन्न ठिकानों से हथियारों की बरामदगी करा रही थी।
शनिवार को प्रयाराज के पास के जंगल में छापा मार कर पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए थे। इसके बाद दोनों भाई को लेकर पुलिस की टीम अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान तीन हमलावरों ने उस पर हमला किया। अतीक के सिर में गोली मारे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद अशरफ को भी हमलावरों ने गोली मार दी। मीडिया के कैमरों के सामने पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। इस गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की बात सामने आई है। इस घटना में शामिल हमलावरों को पुलिस ने पकड़ लिया है। हालांकि, अभी भी आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।