बिहार में आईएएस-आईपीएस अधिकारियों की च्वाइस अब राजनीति में बढ़ती जा रही है। अधिकारी अपनी पसंद पार्टियों का दामन थाम रहे हैं। इस कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है। भारतीय पुलिस सेवा के अवकाश प्राप्त पदाधिकारी और तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी करुणा सागर की राजनीति के मैदान में एंट्री हो गई है। करुणासागर राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए हैं। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आज रविवार को पार्टी कार्यालय में करुणा सागर ने राजद की सदस्यता ली।
तमिलनाडु के लोकप्रिय पदाधिकारी रहे हैं करुणासागर
बिहार के मूल निवासी करुणासागर तमिलनाडु कैडर के 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। तमिलनाडु के तेज-तर्रार और लोकप्रिय पदाधिकारी के रूप में इनकी विशिष्ट पहचान रही है। वे कई वर्षों तक केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान विभिन्न केन्द्रीय एजेंसियों में अपनी सेवा दे चुके हैं। वो दिल्ली में पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआर एंड डी) में निदेशक आधुनिकीकरण के पद पर भी रह चुके हैं। अपनी लम्बी सेवा के दौरान इन्हें कई पुरस्कारों और सम्मानों से सम्मानित भी किया जा चुका है।