बिहार की नौकरशाही में एक बार फिर बदलाव की लहर दौड़ी है। सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के दो अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन को लेकर अहम फैसला लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जिससे सूबे की प्रशासनिक तस्वीर में एक बार फिर नया रंग भर गया है।
कृष्ण कुमार को नई जिम्मेदारी, अब संभालेंगे पथ निर्माण विभाग
वाणिज्य कर विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे कृष्ण कुमार को सरकार ने पथ निर्माण विभाग का संयुक्त सचिव नियुक्त किया है। अब वे सड़क निर्माण से जुड़ी बड़ी योजनाओं, परियोजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के संचालन में अहम भूमिका निभाएंगे।
नई ऊर्जा के साथ बिहार में दाखिल हुईं IAS अनन्या सिंह
दूसरी तरफ, 2020 बैच की IAS अधिकारी अनन्या सिंह को बिहार कैडर में स्थानांतरित कर दिया गया है। वे पहले पश्चिम बंगाल कैडर में कार्यरत थीं। बिहार में योगदान देने के बाद अब उन्हें औरंगाबाद जिले का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) बनाया गया है।
इतना ही नहीं, अनन्या सिंह को जिला परिषद, औरंगाबाद की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यानी विकास योजनाओं से लेकर पंचायत स्तरीय कार्यक्रमों तक अब उनकी सक्रिय भूमिका रहने वाली है।
