लोकसभा चुनाव की तैयारियों को I.N.D.I.A. ने एक स्टेप आगे बढ़ा दिया है। अब तक हुई तीन बैठकों के बाद अब चौथी बैठक में एक्शन का प्लान तैयार हो गया है। बुधवार को शरद पवार के आवास पर I.N.D.I.A. के समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि अब साझा रैलियां की जाएंगी। बैठक में तय हुई रैलियों की शुरुआत के लिए गठबंधन के नेताओं ने उस मध्यप्रदेश को चुना है, जहां लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा चुनाव होना है। पहली संयुक्त सार्वजनिक रैली अक्टूबर के पहले सप्ताह में महंगाई, बेरोजगारी और भाजपा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के मु्द्दे पर भोपाल में होगी। इस तरह गठबंधन ने एक तीर से दो निशाने साधने की कोशिश की है।
ये तेरा मीडिया, ये मेरा?
गठबंधन की समन्वय समिति की बैठक में यह भी तय हुआ है कि I.N.D.I.A. के नेता-प्रवक्ता उन मीडिया हाउसेज का बहिष्कार करेंगे जो तथाकथित रूप से सरकार का समर्थन करते हैं। यानि गठबंधन ने राजनीतिक दलों की तरह मीडिया का भी बंटवारा कर दिया है। अब तक चैनलों पर खूब बोलते नेताओं ने मीडिया को भी आधिकारिक तौर पर पक्षकार मान लिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार के नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस बैठक में आगे की रणनीति, सीटों के तालमेल, चुनाव अभियान कार्यक्रम और जनसभाओं समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
ये नेता हुए शामिल
- शरद पवार, एनसीपी
- केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस
- टी आर बालू, द्रमुक
- तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय जनता दल
- संजय झा, जनता दल (यूनाइटेड)
- राघव चड्ढा, आम आदमी पार्टी
- संजय राउत, शिवसेना (यूबीटी)
- उमर अब्दुल्ला, नेशनल कॉन्फ्रेंस
- महबूबा मुफ्ती, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी)
- डी. राजा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)
- जावेद अली खान, समाजवादी पार्टी
- गुरदीप सप्पल, कांग्रेस




















