Amrit Bharat Express: बिहार से गुजरने वाली पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस की आधिकारिक टाइमिंग जारी कर दी गई है। इस ट्रेन का साप्ताहिक परिचालन 23 फरवरी से शुरू होगा। जनवरी महीने में इस ट्रेन का शुभारंभ किया गया था, लेकिन अब इसके नियमित संचालन का पूरा शेड्यूल सामने आने के बाद यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह ट्रेन बिहार के कई बड़े स्टेशनों को महाराष्ट्र और उत्तर बंगाल से सीधे जोड़ेगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
भारतीय रेलवे के अनुसार यह अमृत भारत एक्सप्रेस पनवेल और अलीपुरद्वार के बीच चलेगी और बिहार के प्रमुख स्टेशनों डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, मानसी और कटिहार से होकर गुजरेगी। इससे उत्तर बिहार और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को मुंबई और पूर्वोत्तर भारत की ओर जाने के लिए एक सीधा और तेज विकल्प मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन संख्या 11031 पनवेल से प्रत्येक सोमवार को सुबह 11.50 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6.25 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन रात 7.50 बजे हाजीपुर, 9.35 बजे मुजफ्फरपुर और 10.45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। बुधवार तड़के 3.20 बजे कटिहार पहुंचने के बाद यह ट्रेन 3.30 बजे आगे के लिए रवाना होगी और दोपहर 1.50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 11032 अलीपुरद्वार से प्रत्येक गुरुवार को सुबह 4.45 बजे खुलेगी और दोपहर 12.50 बजे कटिहार पहुंचेगी। इसके बाद यह 3.23 बजे खगड़िया, 4.45 बजे समस्तीपुर, 6.35 बजे मुजफ्फरपुर और 7.30 बजे हाजीपुर पहुंचेगी। रात 8.30 बजे पाटलिपुत्र रुकने के बाद यह ट्रेन शनिवार सुबह 5.30 बजे पनवेल पहुंचेगी।
इस ट्रेन की खासियत यह मानी जा रही है कि इसे आधुनिक कोच और बेहतर सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है, ताकि लंबी दूरी की यात्रा आरामदायक हो सके। रेलवे का उद्देश्य है कि अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के जरिए देश के दूर-दराज के क्षेत्रों को तेज रफ्तार नेटवर्क से जोड़ा जाए। यही कारण है कि बिहार से गुजरने वाली इस ट्रेन को क्षेत्रीय विकास के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।






















