बिहार की राजनीति में आज एक अनोखा और चर्चित मोड़ देखने को मिल रहा है। मोकामा से नवनिर्वाचित जद(यू) विधायक अनंत सिंह आज बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ग्रहण करेंगे।पटना सिविल कोर्ट (और एमपी-एमएलए कोर्ट) के विशेष आदेश के बाद उनका शपथ ग्रहण संभव हो सका है। अनंत सिंह पिछले करीब तीन महीनों से दुलारचंद यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल, पटना में बंद हैं। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि उन्हें केवल शपथ ग्रहण के लिए ही जेल से बाहर लाया जाएगा।
शपथ लेने के तुरंत बाद वे किसी अन्य गतिविधि या कार्यवाही में भाग नहीं ले सकेंगे और सीधे दोबारा न्यायिक हिरासत में जेल वापस भेज दिए जाएंगे। शपथ समारोह सुबह करीब 11 बजे होने की संभावना है, जिसमें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें विधानसभा लाया जाएगा।
बता दें कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने जेल से ही चुनाव लड़ा था और मोकामा सीट पर भारी मतों से जीत हासिल की थी। विधानसभा के कुल 243 सदस्यों में से अब तक 242 विधायकों ने शपथ ले ली है, और अनंत सिंह आखिरी बचे हुए विधायक हैं जिनकी सदस्यता अभी औपचारिक रूप से पूरी नहीं हुई थी।






















