बिहार विधानसभा चुनाव से पहले दल बदल का सिलसिला शुरू हो गया है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के सुप्रीमो पशुपति कुमार पारस को एक बार फिर बड़ा झटका लगने वाला है। प्रदेश प्रवक्ता के पद पर रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता चंदन सिंह अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में शामिल होने वाले हैं। कल यानी मंगलवार (25 फरवरी, 2025) को वे जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण करेंगे। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा उन्हें सदस्यता दिलाएंगे।

चंदन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 20 सालों में बिहार को बदल दिया है। बिहार को प्रगति के रास्ते पर लाया है। बिहार का पूरा आवाम उनसे प्रभावित है। उसी से प्रभावित होकर उन्होंने भी नीतीश कुमार की पार्टी (जेडीयू) में शामिल होने का मन बनाया है। चंदन सिंह ने कहा कि जेडीयू में अन्य नेता भी बिहार के विकास और काम के प्रति हमेशा चिंतित रहते हैं। उन लोगों के साथ रहकर बिहार के विकास के लिए हम काम करना चाहते हैं।
नीतीश कुमार के पुत्र निशांत का राजनीति में आने पर स्वागत करेगी भाजपा
चंदन सिंह ने कहा कि हम पहले चिराग पासवान के साथ थे, लेकिन पशुपति पारस का देश और बिहार के विकास के प्रति उस समय स्टैंड अच्छा था। ऐसे में उस समय उनकी पार्टी में शामिल हुए थे। बीते दिनों में पार्टी और पार्टी के जो सुप्रीमो पशुपति पारस हैं उनका स्टैंड धीरे-धीरे बदलने लगा है। वह रास्ते से भटक गए हैं. चंदन सिंह ने कहा कि पहले वह (पशुपति पारस) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए का गुणगान करते थे। अब वह लालू प्रसाद यादव और आरजेडी के करीब होने लगे हैं।