नालंदा (राजगीर): बिहार के राजगीर स्थित खेल विश्वविद्यालय में एशिया रग्बी अंडर-20 सेवन्स 2025 टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन शुक्रवार को हुआ। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का उद्घाटन राज्य के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रग्बी इंडिया के अध्यक्ष और प्रसिद्ध अभिनेता राहुल बोस, खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में नौ देशों की कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। खास बात यह है कि दर्शकों के लिए मैच पूरी तरह निशुल्क रखा गया है ताकि आम लोग भी इस आयोजन का आनंद उठा सकें और खेलों के प्रति रुचि बढ़े।

खेलों के विकास में बिहार की बड़ी छलांग: श्रवण कुमार
उद्घाटन के मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार हर क्षेत्र की तरह खेलों में भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीते दो दशकों में राज्य ने यह साबित किया है कि पढ़ाई और खेल दोनों में उत्कृष्टता संभव है। राज्य सरकार ने ज़िला और अनुमंडल स्तर पर खेल मैदानों के निर्माण कराकर ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच दिया है।” उन्होंने राज्य की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और गांवों से निकल रही नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रही है।
बिहार अब खेलों में भी सिरमौर : खेल मंत्री
खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि बिहार आज अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र बन रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया। मंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के खिलाड़ियों को हर जरूरी सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है और खेल विश्वविद्यालय इसका स्पष्ट उदाहरण है।

रग्बी में बिहार का दबदबा: राहुल बोस
रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने बिहार के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पिछले चार से पांच वर्षों में भारत को रग्बी में मिले 22 पदकों में से 17 पदक बिहार के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिनमें 13 स्वर्ण, 2 रजत, और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में बिहार की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने रग्बी में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि राजगीर का खेल विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस है, इसलिए यह आयोजन यहां करवाना एक उचित और स्वाभाविक निर्णय है।

बिहार अब अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर
यह टूर्नामेंट न सिर्फ बिहार की खेल क्षमताओं का प्रतीक है, बल्कि यह राज्य की खेल नीति और सरकारी प्रयासों की सफलता को भी दर्शाता है। राजगीर जैसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल पर अंतरराष्ट्रीय आयोजन से न सिर्फ स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि राज्य को भी वैश्विक खेल मानचित्र पर एक नया स्थान मिलेगा।






















