Atari Vidhan Sabha 2025: गया जिले की अतरी विधानसभा सीट (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 233) बिहार की राजनीति में अपनी विशेष पहचान रखती है। यहां की सियासत लंबे समय से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के इर्द-गिर्द घूमती रही है। मौजूदा विधायक अजय यादव 2020 के चुनाव में राजद के टिकट पर विजेता बने थे, जिन्हें 62,658 वोट हासिल हुए थे। इस सीट को परंपरागत रूप से आरजेडी का मजबूत गढ़ माना जाता है, लेकिन 2025 का मुकाबला बदलते समीकरणों के चलते बेहद रोचक बनता दिख रहा है।
चुनावी इतिहास
अतरी विधानसभा का राजनीतिक इतिहास बेहद दिलचस्प रहा है। 1951 में अस्तित्व में आने के बाद से यहां अब तक 17 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। कांग्रेस ने शुरुआती दशकों में इस सीट पर दबदबा बनाए रखा और छह बार जीत हासिल की, जिसमें आखिरी बार 1990 में विजय मिली थी। इसके बाद राजद ने यहां लगातार अपनी पकड़ मजबूत की और अब तक पांच बार जीत का परचम फहराया है। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो बार, जबकि भारतीय जनसंघ (अब भाजपा), जनता पार्टी, जनता दल और जदयू (JDU) ने एक-एक बार सफलता पाई है।
गया विधानसभा सीट 2025: ‘कायस्थ फैक्टर’ और विकास का एजेंडा बनेगा चुनावी समीकरणों की कुंजी
2010 में जदयू के कृष्ण नंदन यादव ने आरजेडी को कड़ी टक्कर देते हुए जीत दर्ज की थी। लेकिन 2015 में कुंती देवी और 2020 में अजय यादव ने राजद के लिए यह सीट दोबारा सुरक्षित कर दी। अब 2025 के चुनाव में फिर से आरजेडी बनाम जदयू का सीधा मुकाबला बनने के आसार हैं।
इस बार का सियासी परिदृश्य कई मायनों में अलग है। लोक जनशक्ति पार्टी (LJP), जो पहले राजद विरोधी वोटों को बांटने का काम करती थी, अब भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल है। इससे जदयू को फायदा मिलने की उम्मीद है क्योंकि एनडीए का वोट बैंक अब ज्यादा संगठित दिखाई दे रहा है। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनावों में राजद ने गया इलाके में बढ़त बनाई थी, जिससे आरजेडी के आत्मविश्वास में इजाफा हुआ है।
जातीय समीकरण
अतरी पूरी तरह से ग्रामीण इलाका है, जहां जातीय और सामाजिक समीकरण अहम भूमिका निभाते हैं। यहां की आबादी में लगभग 31.03% अनुसूचित जाति (SC) और 6.3% मुस्लिम मतदाता शामिल हैं। 2020 में यहां कुल 3,10,443 मतदाता दर्ज थे, जिनमें से 55.42% ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2024 में यह संख्या बढ़कर 3,14,696 तक पहुंच गई है। यह इजाफा ग्रामीण जागरूकता और युवा मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत है।






















