भाजपा नेता अमित कुमार दांगी और गुरुआ थानेदार के बीच फोन पर हॉट-टॉक हो गया। दोनों के बीच की तीखी नोकझोंक का ऑडियो वायरल है। ऑडियो में गुरुआ थानेदार सरफराज इमाम गुस्से में भाजपा के प्रदेश मंत्री अमित कुमार दांगी को होश में रहने की बात कह रहे हैं। भाजपा नेता ने पूजा पंडाल में बजाए जा रहे एक गाने को लेकर थानेदार से फोन पर शिकायत की थी।
इधर, इस मामले को लेकर भाजपा नेता अमित दांगी ने पुलिस के वरीय अधिकारी से शिकायत की है। भाजपा समर्थकों के बीच इस बात को लेकर काफी गुस्सा है। वे थानेदार के खिलाफ आंदोलन के मूड में हैं। आंदोलन की रणनीति को लेकर मंगलवार को बैठक भी हुई।
दरअसल, यह पूरी घटना दशहरा की रात यानी 12 अक्टूबर की है। अमित कुमार दांगी का कहना है कि गुरुआ थाना के बाउंड्री से सटे मां दुर्गा पंडाल में जाति सूचक गाना बजाया जा रहा था। जहां पंडाल लगाया गया था, वहां बगल में मेरा मकान है। गाना न केवल जाति सूचक था, बल्कि एक विशेष राजनीतिक पार्टी समर्थित भी था, जो भड़काऊ था।
भाजपा नेता ने बताया कि इसको लेकर थानेदार से पूछा इसका परमिशन किसने दिया, तो वे भड़क गए। उल्टा वे हमे धमकी देने लगे। फोन पर वे चिल्ला कर कहने लगे कि ‘होश में रहो समझे न’। इधर, थानेदार सरफराज आलम ने कहा कि अमित कुमार दांगी की शिकायत पर मामले की जांच मौके पर जाकर किया गया था। लेकिन, वहां संवेदनशील स्थिति या भड़काऊ गाना बजाए जाने का प्रमाण नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आखिर अमित कुमार दांगी ने फोन पर ऐसा क्यों कहा कि गाने बजाने का परमिशन किसने दिया। यह बात समझ में नहीं आई।




















