रांची: रांजधानी में दुर्गोत्सव के दौरान एक युवक रोहित तिर्की की पूजा पंडाल के पास ले जा कर पीट पीट कर की गयी हत्या को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने पुलिस को मामले में तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया है। वहीं मरांडी ने मृतक के परिजनों से मिलकर संवेदना भी प्रकट की । इस कांड को लेकर बाबूलाल ने ट्वीटर पर भी पोस्ट किया और कहा कि राजधानी रांची में एक आदिवासी युवा रोहित तिर्की की हत्या की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आज लालपुर के लोहरा कोचा स्थित मृतक के घर जाकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली एवं अपनी संवेदनाएं प्रकट की। @ranchipolice तत्काल रोहित तिर्की की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करें, साथ ही, @DC_Ranchi पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मुहैया कराए। विगत कुछ सालों में राजधानी रांची में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। रांची में कई उच्च शिक्षण संस्थान, अनेकों कोचिंग सेंटर्स रहने के कारण यहां प्रदेश के कोने कोने से बच्चे पढ़ाई करने आते हैं। नशे की गिरफ्त में फंसने के कारण टीनएजर्स बच्चों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। इसलिए, हमारी युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की खातिर @jharkhnadpolice स्पेशल टास्क फोर्स का गठन कर नशे के कारोबार में संलिप्त गिरोह पर कड़ी कार्रवाई करे। मालूम हो कि 11 अक्टूबर की रात राजधानी रांची के लोहरा कोचा निवासी रोहित तिर्की के साथ दुर्गा पूजा में घूमने के दौरान अज्ञात लोगों ने पंडाल के बगल में ही जमकर मारपीट की।
इस मारमीट में घायल रोहित की मौत हो गई। इस प्रकार पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना के आक्रोश में परिजनों और स्थानीय लोगों ने रविवार को लालपुर चौक घंटो जामकर हंगामा किया। इस दौरान हत्या के विरोध में शव के साथ परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं इस घटना को भारतीय जनता पार्टी ने गंभीरता से लिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी खुद मृतक युवक के लोहरा कोचा स्थित घर पहुंचे और उनके परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसी घर के नौजवान की हत्या होती है तो उनके परिवार में मातम का माहौल होता है। लेकिन जिस प्रकार से हत्या हुई है और उस जगह के बारे में परिजनों ने बताया है। उसके अनुसार जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी पुलिस को करनी चाहिए। क्योंकि अब पूजा भी खत्म हो चुकी है। आगे उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन बिना विलंब किए सीसीटीवी कैमरे और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद हत्यारों की पहचान करें और उन्हें गिरफ्तार करें।
उन्होंने कहा कि मेला में लोग घूमते हैं। उस आसपास के लोगों ने भी देखा होगा। कोई ना कोई चेहरा पहचान में आ जाएगा। इसमें पुलिस प्रशासन को बिना देरी किए अपराधियो को पकड़ना चाहिए। ताकि उनके मां-बाप को न्याय मिल सके और दूसरे लोग इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत ना कर सके। इस मामले को लेकर सिटी डीएसपी वी रमन ने बताया कि मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। इसको लेकर छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस कांड का उद्वेदन हो जाएगा। वहीं परिजन आयुष लोहारा ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस की सिक्योरिटी के बावजूद रोहित की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। उसने बताया कि कुछ दोस्त उसे अपने साथ रातू रोड लेकर गए थे। जहां उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। लेकिन अब तक हत्यारे पुलिस की पहुंच से दूर है। इससे कहीं ना कहीं पुलिस की लापरवाही दिख रही है।




















