Pankh 2026: पटना के शैक्षणिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में बाल्डविन अकादमी, धवलपुरा ने एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। 18 जनवरी 2026 को आयोजित ‘पंख–2026’ टैलेंट शो सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों की सोच, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को खुला आकाश देने वाला मंच बनकर उभरा। इस आयोजन में पटना के अलग-अलग स्कूलों से आए हजारों विद्यार्थियों ने भाग लेकर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी एक स्कूल या वर्ग की मोहताज नहीं होती, बस उसे सही मौका मिलना चाहिए।
‘पंख’ का मूल भाव ही बच्चों को अपनी क्षमता पहचानने और उसे निखारने का अवसर देना है। यही वजह रही कि यह पूरा आयोजन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी बच्चा पीछे न छूटे। पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों ने संगीत, नृत्य, चित्रकला, कविता पाठ, भाषण और अन्य रचनात्मक विधाओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया। मंच पर बच्चों का आत्मविश्वास और उत्साह यह दिखाने के लिए काफी था कि इस तरह के आयोजन उनके व्यक्तित्व निर्माण में कितनी बड़ी भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने बच्चों का हौसला और बढ़ाया। बाल्डविन अकादमी के भूतपूर्व छात्र और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अंजनी कुमार झा, लेफ्टिनेंट नीरज कुमार, आईईएस विनीत भारद्वाज और वारिसनगर के विधायक मंजरिक मृणाल जैसे नामों ने छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं डॉ. बी.के. चौधरी और अनुराग राय की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान की। विशेष अतिथि के तौर पर अभिनेता शार्दुल भारद्वाज और लोकप्रिय आरजे उमंग व आरजे श्रेयांश ने भी बच्चों से संवाद कर उन्हें सपनों के पीछे डटे रहने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव रंजन सिन्हा ने अपने संबोधन में साफ कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब उन्हें मंच मिले, गलती करने की आज़ादी मिले और अपनी प्रतिभा दिखाने का आत्मविश्वास मिले। ‘पंख–2026’ इसी सोच का परिणाम है, जो बच्चों के अंदर छिपी क्षमताओं को सामने लाने का काम कर रहा है। विद्यालय के सचिव प्रभास कुमार ने आयोजन की पूरी रूपरेखा को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि मंच संचालन ईंसा रहमान, नीता मिश्रा, टीटू गौरी और सजीली सिंहा ने प्रभावशाली ढंग से किया।
प्रतियोगिताओं के नतीजों ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में नए सपनों की चमक ला दी। संगीत में सुहानी भट्ट, सिवानी भट्ट और अराध्या शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल कर सबका दिल जीत लिया। कला वर्ग में रियान ठाकुर, विराज और अरमान कुमार विजेता बने। वहीं मास्टर शेफ प्रतियोगिता में स्वर्णिका शुभ, रूही अरोड़ा और जिया कुमारी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खास आकर्षण रहा बंपर लकी ड्रॉ, जिसमें काव्य उड़ान ग्रुप-सी से कृति रॉय को करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का एप्पल लैपटॉप मेगा प्राइज के रूप में दिया गया।
कार्यक्रम को सिर्फ मंचीय प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रखा गया। बच्चों के मनोरंजन और उत्साह को बनाए रखने के लिए निशानेबाज़ी, ट्रामपोलिन जैसे खेलों के साथ-साथ खाने-पीने के कई स्टॉल भी लगाए गए। पूरा परिसर बच्चों की हंसी, तालियों और उत्सव के रंग में डूबा नजर आया।
कुल मिलाकर ‘पंख–2026’ ने यह संदेश दिया कि अगर स्कूल, समाज और अभिभावक मिलकर बच्चों को खुला मंच दें, तो वे न सिर्फ अपनी प्रतिभा दिखाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ भविष्य की उड़ान भी भरते हैं। बाल्डविन अकादमी का यह प्रयास पटना ही नहीं, पूरे बिहार के शैक्षणिक जगत के लिए एक मिसाल बनकर सामने आया है।


















